नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दावा किया है कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) का अगला महापौर शिवसेना का होगा। इस सिलसिले में उनकी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ चर्चा भी हुई है। गुरुवार, (27 अगस्त) को ‘नंदनवन’ बंगले पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि फिलहाल अभी बीजेपी का महापौर है, इनका कार्यकाल ढाई साल का है। ढाई साल का कार्यकाल समाप्त होने के बाद शिवसेना का महपौर बनेगा। शिवसेना का महापौर सवा साल ही रहेगा उसके बाद फिर सवा साल के लिए बीजेपी का महापौर बनेगा। शिंदे ने पत्रकारों से कहा, महायुति की समन्वय समिति की बैठक में हमें आश्वासन भी दिया गया है।
गौरतलब है कि बीएमसी पर संयुक्त शिवसेना और बीजेपी ने 20 साल से ज्यादा समय तक राज किया, लेकिन तत्कालीन शिवसेना (यूबीटी) ने बीजेपी को कभी मेयर पद नहीं दिया, जबकि बीजेपी हमेशा यह मांग करती थी कि एक टर्म महापौर बीजेपी को मिलनी चाहिए। वह लगातार स्टैंडिंग कमेटी की मांग भी करती रही, लेकिन शिवसेना ने नहीं दिया। शिवसेना का सदैव महापौर पद पर कब्जा बना रहा।
अब बीजेपी बीएमसी में बड़ी पार्टी है और शिवसेना बीजेपी से मेयर और स्टैंडिंग कमेटी मांग रही है। शिंदे का दावा है कि सवा साल के टर्म का महापौर पद उनकी पार्टी को मिलेगा। अभी मुंबई की महापौर बीजेपी की रितू तावड़े हैं। उनका कार्यकाल पूरा होने के बाद शिवसेना को महापौर की कुर्सी मिल सकती है। बीएमसी में दूसरे सबसे बड़ी पार्टी शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) यूबीटी है। बीजेपी बीएमसी में शिवसेना के बलबूते पर सत्ता में काबिज है। शिवसेना के पास अभी डिप्टी मेयर का पद है। एकनाथ शिंदे ने दावा किया है कि मुंबई का अगला महापौर शिवसेना का ही होगा। इसका मतलब साफ है कि बीजेपी से शिवसेना (शिंदे गुट) के किसी नगरसेवक को फिर से बीएमसी का महापौर बनाने का फार्मूला पहले से ही तय हो चुका है।
