goa night club fire incident
25 लोगों की गई जान, छह का अस्पताल में चल रहा इलाज!
राजेश जायसवाल/गोवा
गोवा के अर्पोरा स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब में शनिवार, (6 दिसंबर 2025) की देर रात सिलेंडर ब्लास्ट से लगी भीषण आग में अब तक 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि 6 लोग घायल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। इस घटना के बाद लोगों में जबरदस्त गुस्सा और आक्रोश देखने को मिल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी में बताया जा रहा है कि सिलेंडर ब्लास्ट के बाद वहां आग फैलना शुरु हुआ तो लोग अफरातफरी में बेसमेंट की ओर भागे और बेसमेंट में जहरीला धुआं भरने से दम घुटने के कारण वहां करीब 20 लोगों की मौत हो गई। इस नाइट क्लब में कल बॉलीवुड नाइट पार्टी का आयोजन किया गया था। किसी को क्या पता था कि जिस लोकप्रिय नाइट क्लब में महफिल और जश्न मनाया जाता था, वहीं पर आज लोगों की मौत का तांडव देखने को मिलेगा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना रात करीब 12 बजे हुई। आग की लपटें उठते ही अचानक अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते पूरा क्लब आग की लपटों में घिर गया। पूरा क्लब जलकर ख़ाक हो गया।
सीएम सावंत ने क्या कुछ कहा?
गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने कहा कि यह एक बुरा दिन है। गोवा के टूरिज्म इतिहास में पहली बार आग लगने की इतनी बड़ी घटना हुई है। उन्होंने इस घटना को राज्य के पर्यटन इतिहास में सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक बताया। उन्होंने कहा कि आधे घंटे में आग बुझा दी गई, लेकिन जिस क्लब में यह हादसा हुआ, वहां से कुछ लोग भागकर बाहर निकल गए लेकिन कुछ नहीं निकल पाए। इसलिए, कुछ लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। हमने घटना की मैजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। क्लब ने क्या परमिशन ली थी और किसने दी, इसकी जांच की जाएगी। देखा जाएगा कि फायर सेफ्टी नॉर्म्स और बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन नॉर्म्स का पालन किया गया था या नहीं? क्लब मालिकों के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी कर दिया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि क्लब के मैनेजर और कुछ कर्मचारी पहले ही गिरफ्तार गए हैं, जबकि क्लब मालिकों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। सीएम ने कहा कि इस केस में एफआईआर दर्ज कर ली गई है औऱ जल्द ही गिरफ्तारियां भी होंगी। सीएम ने कहा कि इस हादसे में 25 लोगों की मौत हो चुकी है और 6 घायल हैं। सभी घायलों की स्थिति स्थिर है और उन्हें सर्वश्रेष्ठ चिकित्सीय देखभाल मिल रही है। उन्होंने पूरे मामले की मैजिस्ट्रियल जांच का आदेश दिया है ताकि आग के कारणों का पता लगाया जा सके और जिम्मेदारी तय की जा सके।
गोवा के पुलिस महानिदेशक ने क्या कहा?
वहीं, गोवा के पुलिस महानिदेशक आलोक कुमार ने कहा कि सिलेंडर ब्लास्ट की वजह से ये घटना हुई। नॉर्थ गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ (Birch by Romeo Lane) नाइट क्लब में घायल छह लोगों का अस्पताल में अभी इलाज चल रहा है। रोमियो लेन क्लब चेन में रेस्तरां, बार, रिसॉर्ट और अन्य प्रापर्टी हैं। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों की जान आग की लपटों से गई, जबकि कई की मौत दम घुटने से हो गई।
पुलिस ने यह भी बताया कि क्लब में उस समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। हादसे में मरने वालों कि सूची में 20 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल है।
हादसे की खबर मिलते ही गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत देर रात ही मौके पर पहुंच गए। उन्होंने इसे अत्यंत दुखद घटना बताते हुए कहा कि पूरी जांच कराई जाएगी और अगर कहीं भी सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी माना कि मरने वालों में तीन से चार पर्यटक शामिल हैं, जो छुट्टियां मनाने गोवा आए थे। आग लगने पर डांस फ्लोर पर 100 से अधिक लोग मौजूद थे। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या और लापरवाही का मामला दर्ज किया है।
फायर सेफ्टी के नियमों का नहीं हुआ था पालन?
प्रारंभिक जांच में ये भी सामने आया है कि नाइट क्लब में फायर सेफ्टी के कई अनिवार्य नियमों का पालन नहीं किया गया था। आपातकालीन निकास, वेंटिलेशन और अलार्म सिस्टम संदिग्ध पाए गए हैं। दमकल विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम इस पूरे मामले की जांच कर रही है। आग किस वजह से लगी, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। शुरुआती संकेत बताते हैं कि किचन एरिया या इलेक्ट्रिकल सेक्शन से आग भड़क सकती है, लेकिन पुलिस ने कहा है कि कारण की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी।
मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की सहायता राशि घोषित!
इस दुखद हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से लेकर पीएम मोदी के अलावा देश के तमाम नेताओं ने दुख जताया है। राष्ट्रपति मुर्मु ने भी इस हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
पीएम मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए पीड़ितों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह हादसा बहुत ही दुःखद है। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना और घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इसके अलावा पीएम ने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे पर गहरा दुःखद बताते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन बचाव और राहत कार्य कर रहा है और प्रभावितों को आवश्यक देखभाल प्रदान की जा रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। आपातकालीन दलों ने आग को काबू में करने के लिए रातभर काम किया। अधिकारियों ने आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
