उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

Jitendra Awhad: भगवान राम को मांसाहारी बताने वाले विधायक आव्हाड ने मांगी माफी, कहा- कभी-कभी गलती हो जाती है…

मुंबई: शरद पवार (NCP) गुट के नेता जितेंद्र आव्हाड ने भगवान राम पर दिए गए विवादित बयान पर माफी मांग ली है। उन्होंने कहा कि कभी-कभी गलती हो जाती है। राकांपा नेता ने कहा- ‘मैं बिना शोध के कुछ नहीं बोलता…मैं इसे तूल नहीं देना चाहता, लेकिन अगर मेरी बात से किसी को ठेस पहुंची है तो मैं माफी मांगता हूं।’
एक दिन पहले भगवान राम को मांसाहारी बताने वाले एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि ऐसे कई उदाहरण हैं जहां मैंने भाषण दिए हैं, और मैंने अपने भाषण में कभी भी कुछ भी तोड़-मरोड़ कर पेश नहीं किया है। मैं इस मुद्दे को आगे नहीं बढ़ाना चाहता। लेकिन वाल्मिकी रामायण में, कई कांड (पुस्तकें) हैं जिनमें अयोध्या कांड है, जिसमें श्लोक 102 में इसका उल्लेख है। उसमें क्या लिखा है वो नहीं पढूंगा, जिसको पढ़ना है पढ़ ले। कई पब्लिकेशन ने उसे लेकर छापा है। वाल्मीकि रामायण के बारे में किसी को हस्तक्षेप है तो बताए। मैं कोई भी बात बिना अभ्यास के नहीं बोलता हूं। यहां अभ्यास का महत्व नहीं है। लोग भावना को महत्व देते हैं। अगर किसी का दिल दुखा है तो मैं माफी मांगता हूं, खेद व्यक्त करता हूं। वे चुनाव के लिए श्रीराम को ला रहे हैं, लेकिन हमारे राम हमारे दिलों में हैं। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि जिसके पास लॉजिक नहीं होता है वो इस तरह से काम करते हैं। अरे वो हमारे राम हैं, सबके राम हैं और उन्होंने 14 साल वनवास किया है। राम हमारे जुबान पर नहीं बल्कि दिल में हैं।

‘राम हमारे दिल में’
जितेंद्र आव्हाड ने आगे कहा कि जो लोग तार्किक रूप से बात नहीं कर सकते वे मेरे खिलाफ मामलों के बारे में बात करेंगे, लेकिन जो लोग ‘राम राम’ कहते हैं, मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि ‘राम’ हमारे दिल में रहते हैं। राकांपा नेता ने अपने बुधवार के भाषण में यह भी कहा था कि भारत को शाकाहारी राष्ट्र में बदलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश की 80 फीसदी आबादी आज भी मांसाहारी है और वे भगवान राम के भक्त भी हैं।

जितेंद्र आव्हाड का बयान
शरद पवार गुट के नेता जितेंद्र आव्हाड ने (3 जनवरी) को शिर्डी में भगवान राम को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि राम मांसाहारी थे। वे जंगल में शिकार करके खाते थे। उन्होंने कहा कि 14 साल तक जंगल में रहने वाला इंसान शाकाहारी कैसे हो सकता है? इसलिए राम शाकाहारी नहीं…मांसहारी थे। ‘राम’ हमारे हैं, बहुजनों के हैं। भगवान राम शिकार करके खाते थे। हम भी श्री राम के आदर्शों पर चल रहे हैं। राम को आदर्श बताकर लोगों पर शाकाहारी खाना थोपा जा रहा है। आव्हाड के इस टिप्पणी पर बीजेपी भड़की हुई है। बीजेपी और अजित पवार गुट के कार्यकर्ताओं ने आव्हाड के खिलाफ मुंबई में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा ने आव्हाड के खिलाफ मुंबई में FIR दर्ज करवाई है।

बीजेपी बोली- जायेंगे जेल
भगवान राम पर विवादित बयान देने वाले एनसीपी शरद गुट के नेता जितेंद्र आव्हाड बुरी तरफ फंस गए हैं। बीजेपी नेता राम कदम ने उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। राम कदम ने कहा कि त्रेता युग में रावण का अहंकार नहीं टिक पाया तो आव्हाड क्या चीज है।
राम कदम ने कहा कि आव्हाड निश्चित ही जेल जाएंगे। हम उनके खिलाफ मुकदमा करेंगे। ये सिर्फ आव्हाड का बयान नहीं है बल्कि इंडी गठबंधन के नेताओ का बयान है। उन्होंने आगे कहा कि बार-बार हिंदू धर्म का मजाक बनाया जा रहा है। इन्हें क्या हो गया है? शरद पवार, उद्धव ठाकरे चुप्प क्यों हैं? बार-बार हिंदू धर्म को आहत करना और किसी एक मजहब को खुश करना यही इनकी मंशा है।

आव्हाड को कभी माफ नहीं करेगा हिंदू समाज
राम कदम ने कहा कि आव्हाड संघ के बारे में क्या जानते हैं? वो संघ की बैठक में कभी गए हैं? बीजेपी नेता ने कहा कि भगवान राम 14 साल कंद-मूल और फल खाकर जंगल में रहे। उनकी गिरफ्तारी करनी होगी। उन्हे जेल भेजना पड़ेगा। राम कदम ने कहा कि 22 जनवरी को लेकर इन लोगो के पेट में दर्द हो रहा है। हिंदू समाज आव्हाड को कभी माफ नहीं करेगा।