नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई का ”डैडी” के नाम से मशहूर अंडरवर्ल्ड डॉन अरुण गवली की जमानत याचिका सुप्रीम कोर्ट ने मंजूर कर ली है। इसके बाद करीब 18 साल बाद अंडरवर्ल्ड डॉन अरुण गवली जेल से बाहर आएगा। अंडरवर्ल्ड डॉन अरुण गवली मुंबई के शिवसेना नगरसेवक कमलाकर जामसांडेकर की हत्या के मामले में जेल में बंद था। वह नागपुर सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था। अरुण गवली के वकील मीर नगमान अली ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने अरुण गवली को जमानत मंजूर करते हुए कहा है कि, उन्होंने 18 साल की सजा काट ली है और उनकी उम्र 73 साल है। इन दो ग्राउंड पर सुप्रीम कोर्ट ने डॉन अरुण गवली को जमानत देने का आदेश पारित किया है। बताया जा रहा है कि अरुण गवली अगले दो दिन में नागपुर सेंट्रल जेल से बाहर आएगा। सुप्रीम कोर्ट में डॉन अरुण गवली की ओर से मीर नगमान अली और हाड़कर इन्होंने पैरवी की।
जानें- किस मामले में हुई थी गवली को उम्रकैद की सजा?
अरुण गवली 2004 में अखिल भारतीय सेना से मुंबई की चिंचपोकली विधानसभा सीट से विधायक भी बना था, गवली को मुंबई के शिवसेना नगरसेवक कमलाकर जामसांडेकर की 2007 में हुई हत्या के मामले में मुंबई सत्र न्यायालय ने वर्ष 2012 को उम्रकैद की सजा सुनाई थी, बाद में उसे नागपुर की जेल भेजा गया। अदालत ने उस पर 17 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था।
अदालत ने क्या कहा?
न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश और न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह की पीठ ने गवली की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए उसके लंबे समय से जेल में रहने और उसकी उम्र पर गौर किया। इसके बाद कोर्ट ने गवली को निचली अदालत की ओर से निर्धारित नियमों और शर्तों के अधीन जमानत दे दी।
