नेटवर्क महानगर/मुंबई
भायखला इलाके में बुधवार, (11 फरवरी) की रात एक बड़ा हादसा हो गया। यह घटना घोडपदेव क्रॉस लेन नंबर एक पर स्थित ‘जय कृपा टॉवर’ में रात करीब 10 बजे हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक, जय कृपा टॉवर नाम की 18 मंजिला रिहायशी इमारत में चौथी मंजिल से लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई। इस हादसे में लिफ्ट में सवार 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, बेस्ट, एम्बुलेंस और बीएमसी अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया गया। जांच में पता चला कि लिफ्ट में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें 3 महिलाएं और 3 पुरुष थे। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में कुल 5 लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए शहर के विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया। सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। तीन घायलों- कल्पिता पवार (38), यश बालविकार (24) और उषा गुप्ता (56) का जेजे अस्पताल में ओपीडी के आधार पर इलाज किया गया और उनकी हालत स्थिर है। वहीं, जमुना प्रसाद शिवहरे (50) नामक महिला को बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत भी स्थिर है। शिल्पा मोरे (54) को जसलोक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका OPD में इलाज हुआ और वो भी स्थिर बताई जा रही हैं।

हादसे के बाद इमारत की लिफ्ट को एहतियातन बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने साफ किया है कि लिफ्ट इंस्पेक्टर की रिपोर्ट आने तक इसे चालू नहीं किया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में डर और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इमारतों की लिफ्ट की नियमित जांच होनी चाहिए ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
