हाजी अली
नेटवर्क महानगर/मुंबई
वर्ली क्षेत्र में हाजी अली के पास शनिवार (28 जून) की शाम एक दुखद हादसा हुआ। यहां अस्थि विसर्जन के दौरान तीन व्यक्ति समुद्र में डूब गए। इस दर्दनाक हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक शख्स की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घटना की जानकारी पुलिस नियंत्रण कक्ष को शाम 5:40 बजे प्राप्त हुई, जबकि पहली आधिकारिक जानकारी 6:15 बजे सामने आई। यह हादसा लोटस जेट्टी, हाजी अली दरगाह के पास हुआ, जो धार्मिक कर्मकांडों के लिए प्रचलित स्थल माना जाता है।
ताडदेव पुलिस स्टेशन की सब-इंस्पेक्टर (पीएसआई) राजपूत द्वारा साझा की गई प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तीनों व्यक्तियों को स्थानीय मछुआरों की सहायता से पुलिसकर्मियों ने समुद्र से बाहर निकाला और तुरंत नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन ने नागरिकों से की ये अपील?
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल पर मौजूद परिजनों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि समुद्र या जलाशयों के पास धार्मिक अनुष्ठान करते समय पूरी सावधानी बरतें। साथ ही हाजी अली जैसे सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा उपायों की समीक्षा कर उन्हें और सुदृढ़ बनाने का आश्वासन भी दिया गया है।
नायर अस्पताल के संबंधित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) से मिली जानकारी के अनुसार:-
• संतोष विश्वेश्वर, पुरुष, उम्र 51 वर्ष (मृत अवस्था में लाया गया)
• कुनाल कोकाटे, पुरुष, उम्र 45 वर्ष (मृत अवस्था में लाया गया)
• संजय सर्वणकर, पुरुष, उम्र 58 वर्ष (अस्पताल में भर्ती, स्थिर स्थिति)
