Dr. Babulal Singh Death News
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई शहर के मुलुंड में रहने वाले वरिष्ठ समाजसेवी एवं मुंबई कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. बाबूलाल रामकृपाल सिंह का बुधवार, (26 नवंबर) की देर रात्रि आकस्मिक निधन होने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। जैसे ही उनके निधन की खबर मिली उनके चाहने वाले बिल्कुल अवाक रहे गए। मुलुंड के संरक्षक कहे जाने वाले डॉ. बाबूलाल सिंह के अचानक चले जाने से मुलुंड, भांडुप, नाहुर सहित ठाणे की जनता में शोक की लहर में दिखाई दी। डॉ. बाबूलाल सिंह मध्य रेलवे लाइन पर संचालित साहित्यिक मंचों के केंद्र बिंदु थे।
मुंबई महानगर में कोई भी ऐसा साहित्यिक मंच अछूता नहीं रहा जिनके साहित्यिक समारोह में उनकी उपस्थिति नहीं रही हो। महानगर के सभी साहित्यकार, शिक्षक, कामगार, व्यापारी, चिकित्सक अपने शुभचिंतक की आत्मा के शांति हेतु उनके अंतिम दर्शन एवं यात्रा में पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित किया।
डॉ. साहब की अंत्येष्टि गुरुवार, (27 नवंबर 2025) को संध्याकाल उनके पुत्र डॉ सचिन सिंह के हाथों मुलुंड पश्चिम स्थित डंपिंग रोड श्मशान भूमि पर हजारों की संख्या में उपस्थित हितैषियों की उपस्थिति में किया गया।
महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, उद्योगपति शारदा प्रसाद सिंह, मुंबई कांग्रेस के महासचिव डॉ. किशोर सिंह, तरुण कला संगम के अध्यक्ष उद्योगपति चित्रसेन सिंह, भाजपा प्रवक्ता उदयप्रताप सिंह, भाजपा नेता सुरेश सिंह समेत अनेक गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है।
