चुनावी हलचलब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

NDA गठबंधन ने जीतीं 48 में से 41 सीटें; कांग्रेस को सिर्फ एक मिली

मुंबई, महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों के परिणाम में पिछली बार की तरह ही इस बार भी शिवसेना-भाजपा गठबंधन सबसे बड़े दल के रूप में उभरा है। भाजपा को जहां 23 सीटें मिली है वहीं शिवसेना 18 सीटों पर अपना कब्जा बनाने में कामयाब रही है। कांग्रेस सिर्फ एक सीट और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी 5 सीटों पर सिमट गई है।
बढ़त के आंकड़े के बाद राज्यभर में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया था। प्रदेश में चार चरण में हुए चुनावों में इस बार कुल 60.68 प्रतिशत वोटिंग हुई, जो कि पिछली बार की तुलना में लगभग बराबर है। 2014 के चुनाव में राज्य में 60.32 प्रतिशत मतदान हुआ था। 867 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।

कई बड़े दिग्गज हार गए चुनाव
इन चुनावों में कई दिग्गजों को हार का मुंह भी देखने पड़ा है। कांग्रेस के मिलिंद देवड़ा, उर्मिला मातोंडकर, प्रिया दत्त, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे, केंद्रीय मंत्री अनंत गीते, सोलापुर सीट से वंचित बहुजन आघाडी के उम्मीदवार प्रकाश आंबेडकर और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से अजीत पवार के पुत्र पार्थ पवार चुनाव हार गए हैं।

मोदी सुनामी और भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने किया कमाल : राउत
शिवसेना के वरिष्ठ नेता व पत्रकार संजय राउत ने कहा कि देश में कश्मीर से कन्याकुमारी तक जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भरोसा करते हुए प्रचंड बहुमत से समर्थन किया। लेकिन, महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस और शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के एक साथ आने के बाद सोने पर सुहागा हो गया। इस बार 2014 के लोकसभा चुनाव से भी अधिक मजबूत लहर मोदी के साथ थी जिसका परिणाम आज सबके सामने है।