उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

UP: भाजपा विधायक पर रेप का मामला दर्ज, आरोप लगाने वाली महिला की सुरक्षा बढ़ी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के भदोही से भाजपा विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी और उनके तीन बेटों और तीन भतीजों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार का मामला दर्ज कराने वाली पीड़िता को मुकदमा वापस लेने की धमकी मिलने के बाद उसकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उससे अनैतिक संबंध की शुरुआत करने वाले विधायक के भतीजे संदीप तिवारी ने फेसबुक पर धमकी देते हुए कहा है कि मामला वापस ले लो वरना तेरे भाइयों की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ने कहा की महिला की सुरक्षा में दो महिला और एक पुरुष कॉन्स्टेबल तैनात किए गए हैं जो चौबीसों घंटे उसके साथ रहेंगे।
बता दें कि महिला की शिकायत पर बुधवार को भदोही से भाजपा विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी सहित सात लोगों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार का मामला दर्ज हुआ है। सिंह ने बताया कि महिला ने 10 फरवरी को एक तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके साथ भाजपा विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी और अन्य ने एक होटल में एक महीने तक बारी-बारी से बलात्कार किया। इसके अलावा एक बार जब वह गर्भवती हुई तो ज़बरदस्ती उसका गर्भपात करा दिया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा को सौंपी गई थी। महिला के बयान और होटल सहित तमाम बिन्दुओं पर जांच के बाद भाजपा विधायक समेत सातों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि धारा 164 के तहत पीड़ित महिला का मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज हो गया है। उन्होंने कहा कि महिला की मेडिकल जांच शनिवार को होनी है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में प्रतिक्रिया के लिए विधायक से संपर्क किए जाने पर उनका मोबाइल फोन बंद मिला।

क्या है पूरा मामला?
भदोही की एक विधवा महिला ने १० फरवरी को रवींद्रनाथ त्रिपाठी पर रेप का आरोप लगाया था। उनका आरोप था कि चुनाव के दौरान उन्हें एक होटल में बुलाकर विधायक ने दुष्कर्म किया था।
महिला के आरोप के बाद एसपी ने जांच टीम गठित की थी। विधायक के खिलाफ महिला के यह आरोप तब सामने आये थे जब वो एसपी से मिली थीं। उनके मुताबिक विधायक रविन्द्र त्रिपाठी के भतीजे संदीप तिवारी से उनकी मुलाकात मुंबई जाते समय ट्रेन में हुई थी। इसके बाद फोन से दोनों में बातचीत शुरु हुई।
महिला के आरोप के मुताबिक कुछ दिन बाद संदीप ने शादी का वादा करके वाराणसी के एक होटल में शारीरिक संबंध बनाया। साल २०१७ के विधानसभा चुनाव के दौरान मुंबई से बुलाकर भदोही के स्टेशन रोड स्थित एक होटल में एक महीने तक उसे अलग-अलग कमरों में रखा गया। आरोप के मुताबिक इस दौरान विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी और उनके बेटों और भतीजों ने भी कथित तौर पर रेप किया। गर्भ में पल रहे दो माह के बच्चे को भी जबरदस्ती कथित रूप से गिरवा दिया। महिला के आरोप के मुताबिक शादी के लिए कहने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाने लगी!

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली में भाजपा विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी, उनके तीन बेटों नीलेश, प्रकाश, दीपक और भतीजों सचिन, चंद्रभूषण और संदीप तिवारी पर भादंसं की धारा ३७६डी, ३१३, ५०४, और ५०६ के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आरोप सच साबित हुआ तो सपरिवार फांसी पर लटकने को तैयार!
वहीँ भाजपा विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी ने इस पूरे मामले को सियासी साजिश करार दिया है। त्रिपाठी ने सोशल मिडिया पर डाले गए एक विडिओ में कहा है कि मैं किसी भी जाँच एजेंसी का सामना करने को तैयार हूँ। यदि पुलिस की विवेचना में यह आरोप सच साबित हुआ तो सपरिवार फांसी पर लटकने को तैयार हूँ। महिलाओं की सुरक्षा मेरा पहला दायित्व है, सभी महिलाएं मेरी माँ-बहन के समान हैं।