उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़व्यवसायशहर और राज्य

UP: लखनऊ के ऑक्सीजन प्लांट में धमाका, दो लोगों की मौत! आधा दर्जन से अधिक लोग घायल…

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को चिनहट स्थित केटी ऑक्सीजन प्लांट में सिलेंडर फटने से दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना में पांच से ज्यादा लोग घायल भी हो गए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिनहट के केटी ऑक्सीजन प्लांट में ये हादसा उस वक्त हुआ जब जम्बो सिलेंडर में रिफिलिंग की जा रही थी। धमाका इतना भीषण था कि प्लांट की छतें उड़ गई। ब्लास्ट से आसपास का पूरा इलाका भी दहल उठा।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव का काम शुरू किया। डीएम अभिषेक प्रकाश ने बताया कि घटना 3 बजकर 30 मिनट की है। एक सिलिंडर के ब्लास्ट होने की वजह से दो की मौत व पांच से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को इलाज के लिए गोमतीनगर स्थित लोहिया अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। साथ ही टेक्नीकल टीम व सीएफओ मामले की जांच कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे मामले पर शोक व्यक्त कर घटना के जांच के आदेश दिए हैं।

बता दें कि इससे पहले यूपी के कानपुर के पनकी ऑक्सीजन प्लांट में रिफिलिंग के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक श्रमिक की मौत हो गई थी। 2 लोग घायल हो गए थे। दादा नगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पनकी गैस प्लांट में किदवई नगर के एक अस्पताल का कोई व्यक्ति गैस भरने कोई आया था। उसका एक सिलेंडर संभवत: कमजोर था जिसमें विस्फोट हुआ। इसमें यहां के एक कर्मचारी की मौके पर मौत हो गई थी।