12-year-old girl murdered at thane mumbai
ठाणे: ठाणे में एक शख्स ने अपनी 12 वर्षीय बहन की प्रेम प्रसंग होने के शक में कथित रूप से प्रताड़ित करके हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि रविवार को लड़की को अस्पताल लाए जाने के बाद 30 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी के मुताबिक, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच के मुताबिक, पीड़ित लड़की अपने भाई और भाभी के साथ रहती थी, क्योंकि उसकी मां की मौत हो चुकी है और उसके पिता उनके गृहनगर में रहते हैं।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी को शक हुआ कि लड़की का प्रेम प्रसंग है जिसके चलते वह उसे कथित रूप से परेशान करने लगा। आरोप है कि व्यक्ति ने गर्म चिमटे से उसके शरीर को दाग कर उसे प्रताड़ित किया। अधिकारी के मुताबिक, चार दिन तक वह उसे प्रताड़ित करता रहा और आखिर में लड़की ने दम तोड़ दिया। उल्हासनगर मध्य थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मधुकर काड ने कहा कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
