chembur police news
मुंबई: मुंबई के चेंबूर से हैरान कर देने वाली एक वाली घटना सामने आई है। यहां एक 16 वर्षीय छात्रा ने परीक्षा के दौरान नकल करते पकड़े जाने के बाद आत्महत्या कर ली! नाबालिग लड़की 9वीं कक्षा में पढ़ती थी। परीक्षा के दौरान एक टीचर ने उसे नकल करते पकड़ लिया था। जिस वजह से छात्रा तनाव में आ गई थी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, चेंबूर कैंप के इंदिरा नगर इलाके में 16 साल की छात्रा अपने परिवार के साथ रहती थी। वह इलाके के एक स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ती थी। मंगलवार को परीक्षा के दौरान टीचर ने छात्रा को नक़ल करते पकड़ लिया था। इसके बाद टीचर ने लड़की की मां को स्कूल बुलाया और घटना के बारे में बताया। इससे नाराज लड़की ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बाद में उसे घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुए इस वाकिये से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
चेंबूर पुलिस ने प्रारंभिक जानकारी के बाद आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिवार अभी सदमे में है और लड़की की मौत के बारे में बात नहीं कर पा रहा है, लेकिन परिवार का विस्तृत जवाब जल्द ही दर्ज किया जाएगा। पुलिस आगे मामले की जांच कर रही है।
