दिल्लीपालघरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

चेन्नई से अगवा नौसैनिक को महाराष्ट्र के पालघर में जिंदा जलाया! अपहर्ता मांग रहे थे 10 लाख की फिरौती

पालघर: चेन्नई एयरपोर्ट से 30 जनवरी को अगवा किए गए नौसैनिक को अपराधियों ने फिरौती नहीं मिलने पर महाराष्ट्र के पालघर में जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से जले नौसैनिक की शुक्रवार को अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। अपहर्ताओं की तलाश जारी है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पालघर पुलिस के प्रवक्ता सचिन नवादकर ने बताया कि नौसैनिक सूरज कुमार दुबे झारखंड के डालटेनगंज के रहने वाले थे। दुबे कोयंबटूर के पास आइएनएस अग्रणी पर तैनात थे।

30 जनवरी को रांची से चेन्नई के लिए पकड़ी थी उड़ान
नवादकर ने बताया कि मरने से पहले दूबे ने पूरी घटना के बारे में बताया था। दूबे ने बताया कि छुट्टी खत्म होने के बाद उन्होंने 30 जनवरी को सुबह रांची से चेन्नई की उड़ान पकड़ी थी। चेन्नई एयरपोर्ट के बाहर रात नौ बजे तीन लोगों ने हथियार के बल पर उनका अपहरण कर लिया। उन्हें तीन दिनों तक चेन्नई में रखा गया। अपहर्ता उनसे 10 लाख रुपये की फिरौती मांग रहे थे।

पुलिस के अनुसार, अपहर्ताओं ने दुबे को चेन्नई से लाकर पालघर के तलसारी इलाके में रखा था। उनसे बार- बार 10 लाख रुपये की मांग की जाती रही। लेकिन उन्होंने जब फिरौती देने से मना किया तो शुक्रवार सुबह अपहर्ताओं ने उन्हें घोलवाड़ के पास जंगल में हाथ-पैर बांधकर जिंदा जला दिया।
स्थानीय लोगों ने दुबे को बुरी तरह से जली अवस्था में पाया तो पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने बताया कि 90 फीसद जली अवस्था में दुबे को दहानू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां से उन्हें इलाज के लिए नौसेना अस्पताल मुंबई ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या समेत अन्य धाराओं में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
वहीं, नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि जब यह घटना हुई दुबे छुट्टी पर थे। उन्हें इलाज के लिए मुंबई में नौ सेना के अस्पताल आईएनएचएस अश्विनी लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।