नांदेड़ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

नांदेड से खालिस्तानी समर्थक आतंकी गिरफ्तार, कई हिंदूवादी नेताओं की हत्या की रची थी साजिश!

मुंबई: पंजाब CID और नांदेड़ पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई में खालिस्तानी समर्थक एक शख्स को शहर के शिकारी घाट बाजार से देर शाम गिरफ्तार किया है। वह ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ नाम के संगठन का सदस्य है। यह पता चला है कि यह संगठन बेल्जियम द्वारा वित्त पोषित है।
गिरफ्तार हुए शख्स की पहचान सरबजीत सिंह किरात के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि उसने कुछ हिंदुत्ववादी नेताओं की हत्या की साजिश रची थी। मंगलवार सुबह उसे अमृतसर ले जाया गया है।

फंडिंग का काम देखता था आरोपी
सरबजीत सिंह पंजाब के लुधियाना का रहने वाला है। खालिस्तान समर्थक चार अन्य आतंकवादियों के साथ वह फंडिंग का काम देखता था और कई बार विदेश यात्रा कर चुका था। खिलास्तान के समर्थन में विदेशों में हुए कई प्रदर्शनों में भी वह शामिल रहा है। उसने जिन नेताओं की हत्या की साजिश रची थी, वे मुखर रूप से खालिस्तान का विरोध करते रहे हैं।

कई अन्य लोगों की हो सकती है गिरफ्तारी
आरोपी के खिलाफ अमृतसर में कई केस दर्ज थे। कुछ महीने पहले वह फरार होकर नांदेड़ आ गया था। नांदेड़ में कीरत की गिरफ्तारी के बाद अब उसे छिपाने वालों पर भी जल्द कार्रवाई हो सकती है। बता दें कि नांदेड़ सिक्खों का पवित्र धर्म स्थल है और यहां बड़ी संख्या में सिख अनुयायी आते हैं।