ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: नींद में सो गई प्रेमिका, फोन नहीं उठाने से नाराज लड़के ने मौत को गले लगाया!

मुंबई: कहते हैं प्यार में इंसान पागल हो जाता है, उसे आगे पीछे कुछ भी नहीं सूझता, ऐसे ही एक 24 साल के प्रेमी युवक ने कथित तौर पर प्रेमिका से नाराज होकर आत्महत्या कर ली! पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मानव ललवानी के रूप में हुई है। वह देवनार में परिजन के साथ रहता था। दो दिसंबर की रात को वह चेंबूर जिमखाना में दोस्तों के साथ पार्टी कर देर रात घर लौटा था। इस दौरान उसकी 22 साल की प्रेमिका भी साथ थी। बताया जा रहा है कि प्रेमिका से विदा लेने के बाद मानव अपने कमरे में सोने के लिए चला गया। करीब दो बजे उसने प्रेमिका को कॉल किया।

पुलिस के मुताबिक, 10 बार कॉल करने के बाद भी प्रेमिका ने उसका कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद मानव को उस पर शक हुआ। प्रेमिका के इस रवैये से नाराज होकर वह टेरेस पर गया और फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मानव के परिजन द्वारा इस घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मानव के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेज दिया। उसके शव के पास से पुलिस ने एक मोबाइल फोन बरामद किया।

लड़की सो गई इसलिए नहीं उठा पाई फोन
पुलिस के मुताबिक, मानव जब प्रेमिका को फोन कर रहा था। उस दरमियान उसकी प्रेमिका सो गई थी। इस वजह से मानव के कॉल्स को वह रिसीव नहीं कर पा रही थी। इससे मानव को प्रेमिका पर शक हुआ और उसने खुदकुशी कर ली। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सिद्धेश्वर गोव ने बताया कि जांच करने के दौरान पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा है। इसमें साफ दिख रहा है कि मानव फोन पर बात करते हुए टेरेस की ओर जा रहा है, जहां उसने घटना को अंजाम दिया।

मामले में लड़की की कोई भूमिका सामने नहीं आई
प्रथम दृष्टया इस मामले में प्रेमिका की भूमिका सामने नहीं आई है, लेकिन जांच के दौरान अगर कोई सबूत मिलता है, तो प्रेमिका के खिलाफ भी पुलिस मामला दर्ज कर सकती है। बेटे की मौत से दुखी मानव के पिता प्रकाश ललवानी ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।