महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

कोरोना वायरस से चिंताजनक है बीजेपी का व्यवहार, कांग्रेस ढूंढ रही ऐंटीबायोटिक: अशोक चव्हाण

मुंबई: उद्धव सरकार में मंत्री अशोक चव्हाण ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने बुधवार को कहा कि बीजेपी का व्यवहारप कोरोना वायरस से भी खतरनाक है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस इसके लिए ऐंटीबायोटिक ढूंढने का प्रयास कर रही है।
महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण ने कहा कि विधायकों की खरीद-फरोख्त के बीजेपी के प्रयासों के बावजूद मध्य प्रदेश सरकार को कोई खतरा नहीं है क्योंकि कमलनाथ बेहद सक्षम मुख्यमंत्री हैं। अशोक चव्हाण के इस बयान पर बीजेपी नेता सुधीर मुनगंटीवार ने जवाबी हमला करते हुए कहा कि इस तरह की ओछी टिप्पणियां करना चव्हाण जैसे नेता को शोभा नहीं देता। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी खरीद-फरोख्त में शामिल नहीं है।
इससे पहले मंगलवार को मध्य प्रदेश में हुए राजनीतिक ड्रामे में कांग्रेस ने दावा किया कि बीजेपी राज्य सरकार को गिराने की साजिश के तहत आठ विधायकों को हरियाणा के एक होटल में ले गई। अशोक चव्हाण ने इसी संदर्भ में कहा, बीजेपी का व्यवहार कोरोना वायरस से अधिक चिंताजनक है। इसलिए सावधानी बरती जानी चाहिए। हम इसके लिए ऐंटीबायोटिक ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं।