ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र सरकार का आदेश- सीएम, विधायक से लेकर ग्रेड C तक की सैलरी में होगी कटौती

मुंबई: महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या दिन ब दिन बढ़ती जा रही है। पिछले आठ दिनों से लागू कर्फ्यू के बावजूद हालात कुछ अच्छे नहीं नज़र आ रहे हैं। यहाँ मंगलवार सुबह संक्रमण के पांच नए केस सामने आए। इसमें एक मुंबई, दो पुणे और दो बुलढाना के केस हैं। मुंबई के सायन इलाके के मनोहर निवास में एक कोरोना संक्रमित की पुष्टि हुई है। इसे मिलाकर राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 225 तक पहुंच गई है। वहीं, राज्य में संक्रमण से 10 लोगों की जान जा चुकी है।
कोरोना के बढ़ते संकट को देखते हुए राज्य के वित्त मंत्री अजित पवार ने मुख्यमंत्री समेत सभी विधायकों की मार्च महीने की सैलरी में 60 फीसदी की कटौती करने का आदेश दिया है। वहीं, राज्य सरकार के ग्रेड-ए और ग्रेड- बी के अधिकारियों का 50 फीसदी और ग्रेड-सी कर्मचारियों का 25 फीसदी वेतन काटने के आदेश दिए हैं। अजित पवार ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और कर्मचारियों की विभिन यूनियनों से विचार-विमर्श करने के बाद यह निर्णय लिया गया है।
बता दें कि महाराष्ट्र में करीब 19 लाख राज्य कर्मचारी है। संक्रमण को रोकने के लिए देश में 21 दिन का लॉकडाउन है। इस बीच, मजदूरों का पलायन रोकने के लिए राज्य सरकार ने 262 राहत शिविर शुरू किए हैं। इनमें करीब 70 हजार प्रवासी दिहाड़ी मजदूरों को रखा गया है। राज्य सरकार का कहना है कि मजदूरों के स्वास्थ्य की लगातार जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी मजदूरों से कहा है कि राज्य की सीमाएं सील हैं, इसलिए कहीं न जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी को दिक्कत नहीं होगी। सरकार पूरा इंतजाम कर रही है।

पुणे में एक संक्रमित की मौत के बाद ड्रोन से निगरानी
सोमवार को पुणे में 52 वर्षीय एक मरीज को कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई थी। उसे डायबीटीज और हाइपरटेंशन की भी शिकायत थी। इसके बाद पुणे प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। लोगों को सख्ती से लॉकडाउन का पालन करने की बात कही है। साथ ही, कई इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। पुणे में अब तक संक्रमण के 45 केस सामने आ चुके हैं।

मुंबई का वर्ली कोलीवाडा इलाका सील
मुंबई में अब तक कोरोना संक्रमित आठ लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमितों की संख्या भी 93 तक पहुंच गई है। दक्षिण मुंबई के वर्ली कोलीवाडा इलाके में कोरोना संक्रमित चार मरीज मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है। पूरे इलाके को सैनिटाइज किया जा रहा है। मुख्यमंत्री उद्धव के बेटे आदित्य ठाकरे इस एरिया से विधायक हैं।

फालतू खर्च से बचें लोग: शरद पवार
राकांपा प्रमुख व वरिष्ठ नेता शरद पवार ने सोमवार को सोशल मीडिया के माध्यम से जनता से कहा है कि यह मुश्किल का दौर है। आने वाला समय और अधिक मुश्किल हो सकता है। इसलिए पैसे की अहमियत समझिए, फालतू खर्च से बचिए।