देश दुनियामहाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्यसामाजिक खबरें

गणतंत्र दिवस पर मॉरिशस के प्रधानमंत्री को ‘विशेष अतिथि’ का दर्जा

मुंबई, भारत ने शनिवार को गणतंत्र दिवस समारोह में एक अभूतपूर्व भाव प्रकट करते हुए मॉरिशस के प्रधानमंत्री पीके जुगनाथ और उनकी पत्नी कोविता को ‘विशेष अतिथि’ का दर्जा देकर सम्मानित किया। आधिकारिक सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी। जुगनाथ दंपति शिवाजी पार्क में महाराष्ट्र के राज्यपाल सीवी राव द्वारा राष्ट्रीय तिरंगा फहराए जाने के गवाह बने और यहां आयोजित औपचारिक परेड व अन्य समारोह का दीदार भी किया।
एक अधिकारी ने कहा कि आमतौर पर भारत नयी दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विदेश मामलों के प्रमुख या रॉयल्टी की मेजबानी करता है। हालांकि इस बार मॉरिशस के प्रधानमंत्री प्रवासी भारतीय दिवस 2019 के लिए भारत में थे और बाद में वह कई कार्यक्रमों में शिरकत करने के लिए मुंबई के आधिकारिक दौरे पर रवाना हुए थे।
एक सूत्र के अनुसार भारत सरकार ने सुझाया था कि उन्हें यहां समारोह में ‘विशेष अतिथि’ के रूप में आमंत्रित किया जाना चाहिए। इस दौरान यहां पहुंचे गणमान्य व्यक्तियों व राज्यपाल के साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष हरिभाऊ बागडे, मुंबई के महापौर विश्वनाथ महादेश्वर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बाद में राव ने अपने आधिकारिक संबोधन में विभिन्न क्षेत्रों में राज्य की उपल्बधियों को रेखांकित किया।

शिवाजी पार्क में 70वें गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल सी विद्यासागर राव ने कहा कि इस वित्त वर्ष में राज्य को 13.5 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश मिला है। देश में हुए कुल एफडीआई का 30 प्रतिशत महाराष्ट्र को मिला है। इस वित्त वर्ष में राज्य को 13.5 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश मिला है।
राव ने कहा कि मुझे यकीन है कि 2025 तक महाराष्ट्र खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था वाला पहला राज्य बन जाएगा। इसके अलावा सरकार राज्य में व्यापार की सुगमता में और सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार 2020 तक किसानों की आय दोगुना करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की छत्रपति शिवाजी महाराज शेतकारी सम्मान योजना के तहत कम से कम 41 लाख किसानों को लाभ पहुंचा है। यह सरकार की ऋण माफी योजना है।