दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

केंद्रीय रेलमंत्री पीयूष गोयल और महाराष्‍ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस ने मोनोरेल सेवा के दूसरे चरण का किया उद्घाटन..

राजेश जायसवाल : मुंबई , देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में रविवार को मुख्‍यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने मोनोरेल सेवा के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। अब पूरे 19.54 किलोमीटर के मार्ग पर मोनोरेल का परिचालन शुरू हो जाएगा। प्रतिदिन करीब एक लाख लोग इसका लाभ उठा सकेंगे। मुख्‍यमंत्री ने इसके अलावा मध्य रेलवे के उपनगरीय स्टेशन परेल पर एक नए लोकल ट्रेन टर्मिनस का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर केंद्रीय रेलमंत्री पीयूष गोयल भी उपस्थित रहे।
रेल मंत्री पीयूष गोयल और मुख्‍यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने इस कार्यक्रम को लेकर ट्वीट भी किया। उन्‍होंने कहा कि मोनोरेल सेवा मुंबई के पब्लिक ट्रांसपोर्ट के क्षेत्र में एक बड़ा कदम साबित होगी। बता दें कि मुंबई देश का एकमात्र शहर है, जहां लोकल ट्रेन और मेट्रो के साथ-साथ मोनोरेल भी चलती है। अब तक मोनोरेल का 8.26 किमी दूरी वाला प्रथम चरण ही चालू था। नौ नवंबर, 2017 को मोनोरेल के दो डिब्बों में आग लग जाने के कारण इस सेवा को भी दस महीने तक रोक दिया गया था।
11.28 किलोमीटर दूरी वाला दूसरा चरण शुरू होने के बाद अब पूरे 19.54 किलोमीटर लंबे रूट पर चेंबूर से सात रास्ता चौराहे तक मोनोरेल चल सकेगी। इससे मुंबई के पूर्वी हिस्से से महालक्ष्मी एवं दक्षिण मुंबई की ओर जानेवाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी। फिलहाल मोनोरेल सिर्फ तीन डिब्बों के साथ प्रत्येक 22 मिनट पर चलाई जा रही है, लेकिन यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसके डिब्बों एवं फेरों में बढ़ोतरी की जाएगी।
मोनोरेल सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी एवं कुल 18 स्टेशनों पर रुकेगी। इससे यात्रियों की 90 मिनट से अधिक समय में पूरी होने वाली दूरी अब 25-30 मिनट में पूरी हो सकेगी। दूसरी ओर परेल में नया उपनगरीय रेल टर्मिनस शुरू होने के बाद यहां से लोकल ट्रेनें बनकर चलेंगी और कामकाज के सिलसिले में मध्य मुंबई तक आनेवाले यात्रियों को इससे काफी सुविधा होगी।