चुनावी हलचलब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई: पूर्व मंत्री अब्दुल सत्तार शिवसेना में शामिल

मुंबई, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। राज्य के पूर्व मंत्री अब्दुल सत्तार सोमवार को शिवसेना में औपचारिक रूप से शामिल हो गए। पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। सत्तार कांग्रेस के बड़े मुस्लिम चेहरे माने जाते रहे हैं। लोकसभा चुनाव से पहले ही उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी।

मुस्लिम वोटर्स को जोड़ने की फिराक में शिवसेना
सत्तर औरंगाबाद जिले की सिलोद सीट से विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। यह सीट जालना लोकसभा का हिस्सा है। औरंगाबाद एक मुस्लिम बाहुल्य इलाका है और शिवसेना सत्तार के माध्यम से मुस्लिम वोटर्स को साधने की जुगत में जुट गई है। औरंगाबाद से शिवसेना के 4 बार के सांसद चंद्रकांत खैरे को इस बार हार का मुंह देखना पड़ा था। इसलिए अब्दुल सत्तार का पार्टी से जुड़ना एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

सत्तार ने की थी बीजेपी को जीतने में मदद
गौरतलब है कि अब्दुल सत्तार ने इसी साल हुए आम चुनाव से पहले कांग्रेस विधायक के रूप में विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और बीजेपी की राज्य इकाई के प्रमुख रावसाहेब दानवे की मदद की थी, जो जालना लोकसभा सीट से चुनाव जीते थे। सिलोद विधानसभा क्षेत्र जालना संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

पशुपालन मंत्री रह चुके हैं सत्तार
सत्तार पिछली कांग्रेस-राकांपा गठबंधन सरकार में पशुपालन मंत्री थे। सत्तार को शिवसेना में शामिल करने के बाद ठाकरे ने संकेत दिया कि उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी का टिकट दिया जा सकता है।
उद्धव ठाकरे ने पत्रकारों से कहा- मैं शिवसेना को सिलोद विधानसभा क्षेत्र से जीतते देखना चाहूंगा। यह हमारे लिए महत्वपूर्ण सीट है। हालिया कुछ हफ्तों में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कई नेता या तो भाजपा या फिर शिवसेना का दामन थाम चुके हैं। महाराष्ट्र में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने हैं।