ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

बिलकिस बानो प्रकरण को लेकर एनसीपी ने किया राष्ट्रवादी भवन के बाहर आंदोलन

मुंबई: गुजरात के बहुचर्चित गोधरा कांड की दुष्कर्म पीड़िता बिलकिस बानो प्रकरण के अभियुक्तों को रिहा करने के मामले को लेकर देशभर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर भाजपा शासित केंद्र और गुजरात सरकार के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान भाजपा हटाओ, देश बचाओ के जमकर नारे लगाए गए।

पूर्व विधायक व राष्ट्रवादी महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष विद्या चव्हाण के नेतृत्व में मुंबई के नए राष्ट्रवादी भवन के बाहर आंदोलन किया गया। यहां केंद्र और गुजरात सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।‌
मैं भी देश की बेटी हूं, मुझे इंसाफ चाहिए…हमें माफ करो बिलकिस बानो…मोदी के गुंडाराज में औरतों पर जुल्म-जबरदस्ती नहीं चलेगी…नहीं चलेगी…महिलाओं को दें सम्मान तो होगा देश महान…वाह मोदी तेरा खेल, दोषी बाहर निर्दाेष को जेल…! बलात्कारियों के लिए अमृतकाल…भाजपा हटाओ, बेटी बचाओ…बात नारी सम्मान की…कृती गुनाहगारों को छोड़ने की…जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। इस मौके पर डॉ आशा मिरगे महाराष्ट्र राज्य समन्वयक, सुरेखाताई पेडणेकर मुंबई राष्ट्रवादी महिला अध्यक्ष, डॉ सुरैना मल्होत्रा, डॉ रिना मोकल, देवयानी बेंद्रे, स्वाती माने समेत बड़ी संख्या में महिला और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

विद्या चव्हाण ने कहा कि बिलकिस बानो दुष्कर्म मामले के सजायाफ्ता अपराधियों को आजादी का अमृत महोत्सव मनाते हुए १५ अगस्त २०२२ को सजा में छूट देते हुए जेल से रिहा कर दिया गया।‌ यह आजादी पर कालिख पोतने जैसा है। स्वतंत्रता को कलंकित करने वाला यह निर्णय न केवल बिलकिस बानो के लिए बल्कि पूरे हिंदुस्थान की महिलाओं के लिए एक आघात है। इस मामले को लेकर पूरे देश में राष्ट्रवादी महिला कांग्रेस द्वारा आंदोलन किया जा रहा है।