ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

बीएमसी के 236 सीटों के लिए निकाली गई लॉटरी; जानिए- कौन सी सीट किस वर्ग के लिए रहेगी?

मुंबई,(राजेश जायसवाल): देश की सबसे धनी महानगरपालिका (BMC) के चुनाव का बिगुल मंगलवार को बज गया। यहां आने वाले कुछ ही महीनों में 10 महानगरपालिकाओं के चुनाव होने हैं। ऐसे में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र मुंबई महानगरपलिका (BMC) का चुनाव रहता है। जिस पर पूरे देश की नज़रें लगी होती हैं। कारण मुंबई महानगरपालिका का बजट कई राज्यों से भी ज्यादा होता है।

लॉटरी पद्धति से हुई बीएमसी चुनाव की प्रक्रिया
वहीं, महाराष्ट्र सरकार की मंशा थी कि ओबीसी पर कोई फैसला आ जाए। उसके बाद महानगरपालिका के चुनाव कराए जाएं, लेकिन सुप्रीम कोर्ट (SC) ने सरकार को कड़ा निर्देश दिया कि ओबीसी आरक्षण के लिए निकाय चुनाव में देरी नहीं की जानी चाहिए। जिसके बाद सरकार हरकत में आई और आज सभी महानगरपालिका के वार्डों की लॉटरी निकाली गई।

पूर्व नगरसेवकों को जोर का झटका
बता दें कि बीएमसी के पूर्व स्थाई समिति के अध्यक्ष यशवंत जाधव, मुंबई के पूर्व महापौर विश्वनाथ महाडेश्वर, कांग्रेस के पूर्व नगरसेवक (विरोधी पक्ष नेता) रवि राजा, भाजपा के पूर्व नगरसेवक व गटनेता प्रभाकर शिंदे, शिवसेना के पूर्व नगरसेवक अमेय अरुण घोले के वार्ड को महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया है। ऐसे में इसका मतलब यह है कि अब इन सभी दिग्गजों को नए वार्ड से चुनाव लड़कर जीत हासिल करनी होगी। जहां बीएमसी के बड़े-बड़े दिग्गजों को झटका लगा है, वहीँ मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडणेकर को राहत मिली है। चूंकि, किशोरी पेडणेकर के वार्ड को सर्वसाधारण की सूची में रखा गया है।

13 जून को जारी की जाएगी फाइनल सूची
गौरतलब है कि अभी तक मुंबई महानगरपालिका में 227 वार्ड थे। जिसमें अब 9 सीटें बढ़ाकर 236 कर दिया गया है। वहीं, वार्ड परिसीमन को मंजूरी मिलने के बाद चुनाव आयोग चुनावी प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है।
बीएमसी के मुताबिक, 15 सीटें अनुसूचित जाति, 2 सीटें अनुसूचित जनजाति और 118 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित वार्डों लॉटरी की जाएगी। वहीं, सर्वसाधारण के लिए आरक्षित 110 वार्ड है। महिलाओं के लिए आरक्षित वार्ड 109 है। जिसमें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित 7 और अनुसूचित जाति (महिला) के लिए आरक्षित 8 है। इसके साथ ही अनुसूचित जनजाति के लिए 1 सीट आरक्षित है। ऐसे में बाकी 109 सीटें open कैटगरी महिलाओं के लिए है। वहीं, इस पूरे चुनाव में OBC कैटगरी को नहीं शामिल किया गया है। क्योंकि ओबीसी आरक्षण का मुद्दा अभी भी कोर्ट में चल रहा है।
बता दें कि बांद्रा के रंग शारदा हॉल में सुबह 11 बजे से शुरू हुई लॉटरी की इस पूरी प्रक्रिया के दौरान बीएमसी आयुक्त और प्रशासक इकबाल सिंह चहल मौजूद रहे। जहां लॉटरी निकालने की प्रक्रिया के बाद अब 6 जून तक सुझाव और आपत्तियां मंगाई जाएंगी। आपत्तियों को निस्तारण करने के बाद 13 जून को फाइनल सूची जारी कर दी जाएगी।