दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

बड़ी खबर: मुंबई से 22 जगहों पर भेजा गया कोरोना वैक्सीन!

मुंबई: छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) के जरिए देश में 22 ठिकानों तक कोरोना टीका की करीब पौने तीन लाख खुराक पहुंचाई जा चुकी है। मुंबई हवाई अड्डे से गोवा के लिए सुबह 5 बजकर 20 मिनट पर पहली कोविशील्ड वैक्सीन के दो बॉक्स लेकर गोएयर का हवाई जहाज रवाना हुआ। दूसरी खेप सुबह छह बजे राजकोट के लिए रवाना हुई जिसमें स्पाइस जेट के जरिए वैक्सीन के 7 बॉक्स भेजे गए।
एक अधिकारी ने बताया कि वैक्सीन तेज गति से गंतव्य तक पहुंचे इसके लिए पहले से पूरी तैयारियां कर ली गईं थी और खुराक पहुंचने और इसे जहाज तक पहुंचाने में सिर्फ सात मिनट का समय लगा। इस काम के लिए पहले से टास्क फोर्स का गठन किया गया था। मुंबई हवाई अड्डे से दिनभर में 22 ठिकानों पर 227 बॉक्स भेजे गए जिसमें कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए 2 लाख 72 हजार 400 खुराक थी।

मुंबई हवाई अड्डे से कोरोना की वैक्सीन गोवा, बागडोगरा, राजकोट, रांची, इंफाल, अगरतला, कोचिन, भोपाल, कानपुर, जम्मू, श्रीनगर, लखनऊ, चंडीगढ, गोरखपुर, रायपुर, देहरादून, वाराणसी, इंदौर, त्रिवेंद्रम और जबलपुर भेजी गई। इसके लिए स्पाइसजेट, इंडिगो, गो एयर और विस्तारा की हवाई सेवाओं की मदद ली गई। वैक्सीन के सबसे ज्यादा 27 बॉक्स रायपुर भेजे गए उसके बाद कोचीन का नंबर था जहां के लिए 25 बॉक्स रवाना हुए। वैक्सीन से जुड़ी जानकारी हासिल करने में कोई परेशानी न हो इसके लिए मुंबई हवाई अड्डे पर 24 घंटे और सातों दिन चलने वाला कॉल सेंटर बनाया गया है।

मुंबई पहुंची कोविशिल्ड की पहली खेप
कोविशील्ड टीके की पहली खेप मुंबई पहुंच गई। बुधवार सुबह साढ़े पांच बजे मुंबई महानगरपालिका के विशेष वाहन से टीके की पहली खेप पुणे से मुंबई पहुंची। इस दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस की दो गाड़ियां भी वैक्सीन ला रहे वाहन के साथ मौजूद थीं। बीएमसी के परेल इलाके में स्थित एफ/दक्षिण विभाग कार्यालय में यह वैक्सीन रखी गई है। पहले चरण में पुणे के सीरम इंस्टिट्यूट ने करीब 1 लाख 39 हजार 500 खुराक मुंबई महानगर पालिका को दी है। यहां से विभिन्न केंद्रों पर खुराक पहुंचाई जाएगी। 16 जनवरी से देश के दूसरे हिस्सों के साथ मुंबई में भी टीकाकरण शुरू किया जाएगा।