ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

मुंबई के एक व्यक्ति की हत्या मामले का मुख्य आरोपी यूपी से किया गया गिरफ्तार

पालघर: महाराष्ट्र की पालघर पुलिस ने मुंबई के एक व्यक्ति के अपहरण और हत्या मामले में मुख्य आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, कांदिवली के 27 वर्षीय सुधीर कुंजबिहारी सिंह का इसी साल 12 जनवरी को अपहरण करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी।
अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी राहुल पाल उर्फ मर्दा (24) अपराध को अंजाम देने के बाद से फरार था और वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा था। इस बीच हत्यारोपी ने अपनी ससुराल चौरी थाना क्षेत्र के बरवां में रह रही पत्नी मौसम पाल को फोन किया तो पुलिस ने उसे ट्रैक कर लिया। उसकी तलाश करते-करते महाराष्ट्र की पुलिस चौरी के बरवां गांव पहुंच गई। पुलिस के आने की सूचना मिलते ही वह फरार हो गया। पुलिस ने उसकी पत्नी से पूछताछ की तो पता चला कि वह जौनपुर के रामपुर में है। वहां जाकर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले तीन लोग पहले ही गिरफ्तार हैं। हत्यारोपियों ने पीड़ित को चाकू से 40 जगह प्रहार किए थे। हत्यारोपी की उससे किसी बात की रंजिश थी। प्रभारी निरीक्षक चौरी देवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि चौरी के बरवां में हत्यारोपी की ससुराल है। यहीं उसकी पत्नी रहती है। पालघर पुलिस मोबाइल ट्रैक कर गांव पहुंची और पत्नी से पूछताछ के बाद जौनपुर के रामपुर से हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया।

भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज
मीरा भायंदर-वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के पेल्हार थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जितेंद्र वनकोटी ने कहा, सुधीर कुंजबिहारी सिंह का राहुल पाल उर्फ मर्दा और सात अन्य लोगों के एक समूह द्वारा एक ऑटो-रिक्शा में अपहरण कर लिया गया था और उसे नालासोपारा ले जाया गया, जहां सिंह पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया गया।
उन्होंने कहा कि इसके बाद आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पेल्हार थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक तुकाराम भोपले ने कहा कि पीड़ित पर चाकू प्रहार के 40 निशान थे। उन्होंने बताया कि घटना के एक दिन बाद पेल्हार पुलिस की अपराध जांच इकाई ने पुणे के सिंहगढ़ रोड इलाके से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, मुख्य आरोपी फरार था।

किसी मामूली बात को लेकर बढ़ी शत्रुता
सूचना मिलने के बाद आरोपी उत्तर प्रदेश के भदोही के चौरी बाजार में छिपा हुआ है, उसे पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम भेजी गई। पुलिस की टीम को देखकर वह अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में भाग गया। अधिकारी ने कहा, लेकिन पुलिस ने उसका पीछा किया और बुधवार को उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपी और पीड़ित के बीच किसी मामूली बात को लेकर शत्रुता थी।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि, 12 जनवरी 2024 को रात्रि 00.30 के आसपास गौराईपाडा संतोषभवन, नालासोपारा पूर्व में अभियुक्त रोहन सिंह, मर्दा (पूरा नाम पता अज्ञात), पीली टी- शर्ट और जींस पैंट पहने व्यक्ति और उसके साथ 6/7 व्यक्ति (पूरा नाम पता अज्ञात) द्वारा मृतक सुधीर कुंजबिहारी सिंह उम्र 27 वर्ष, (निवासी- मारुती चाल, हिन्दुस्थान नाका, कांदीवली पूर्व) को जबरन रिक्शा में बिठा कर पीटा गया और धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। इस संबंध में शिकायतकर्ता वैभव रमेश मिश्रा, निवासी संतोष भुवन, नालासोपारा पूर्व द्वारा शिकायत दर्ज करायी गयी, जिसमे पेल्हार पुलिस ने धारा 302, 364, 141, 143, 144, 147, 148, 149, 120 बी के तहत अपराध दर्ज किया था। पुलिस ने तकनीकी जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अभियुक्त (1). सुरज लल्लन चव्हाण उम्र 25 वर्ष, (2). साहिल तिलकु विश्वकर्मा उम्र 21 वर्ष (3). अखिलेश सुनिल सिंह ऊर्फ अक्की उम्र 27 वर्ष, सभी सन्तोष भुवन नालासोपारा निवासी को सिंहगड, पुणे से 13 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था। उक्त अपराध का मुख्य अभियुक्त राहुल पाल उर्फ मर्दा अपराध के बाद से ही फरार था। पेल्हार पुलिस स्टेशन के अपराध जांच दस्ते के अधिकारी/कर्मचारी ने उक्त अभियुक्त की तलाश में उत्तर प्रदेश राज्य के जिला भदोही गये। अधिक जानकारी प्राप्त करके, पुष्टि हुई कि उक्त अभियुक्त उत्तर प्रदेश राज्य के जौनपुर के रामपुर में है। पुलिस टीम ने तुरंत थाना रामपुर, जिला जौनपुर पुलिस की मदद से रात में साकरी गांव में आरोपी की तलाश की और जंगल में भागते समय उसका पीछा किया और उसे गिरफ्तार कर लिया।