ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: तीन दिन बंद रहने के बाद आज से फिर खुला सायन फ्लाइओवर

मुंबई: तीन दिन बंद रहने के बाद सोमवार से सायन फ्लाइओवर दोबारा ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया। बेयरिंग बदलने के काम की वजह से 14 से 17 फरवरी सुबह 5 बजे तक फ्लाइओवर को बंद किया गया था। इस दौरान ईस्टर्न एक्सप्रेस हाइ‌वे पर ट्रैफिक जाम से लोगों को काफी परेशानी हुई।
तीन दिनों में फ्लाइओवर के करीब 30 बेयरिंग को बदलने का काम पूरा कर लिया गया है। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) के चीफ इंजिनियर शशिकांत सोनटके के अनुसार, चरणबद्ध तरीके से फ्लाइओवर के 170 बेयरिंग बदलने का काम किया जा रहा है। इसके लिए यातायात विभाग से 8 ट्रैफिक ब्लॉक की मंजूरी मिली है। पहले ब्लॉक में रविवार दोपहर तक तय लक्ष्य के अनुसार, बेयरिंग बदले जा चुके थे। दूसरे चरण की शुरुआत 20 फरवरी से होगी, जो 24 फरवरी सुबह 6 बजे तक चलेगा। शशिकांत के अनुसार, प्रत्येक ब्लॉक में 30 से 32 बेयरिंग बदलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 29 पिलर पर खड़े सायन फ्लाइओवर के निर्माण में 170 बेयरिंग का इस्तेमाल हुआ है। मरम्मत के दौरान 106 जैक की सहायता से 170 बेयरिंग बदलने का काम किया जाएगा। इनमें से पहले चरण में करीब 30 बेयरिंग बदले जा चुके हैं।
1999 में एमएसआरडीसी ने फ्लाइओवर का निर्माण किया था। वर्ष 2017 में आईआईटी बॉम्बे ने फ्लाइओवर का स्ट्रक्चरल ऑडिट किया था। आईआईटी ने अपनी रिपोर्ट में फ्लाइओवर के बेयरिंग बदलने की सिफारिश की थी। आईआईटी बॉम्बे के सुझाव के बाद से फ्लाइओवर पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। सायन फ्लाइओवर दक्षिण मुंबई का महत्वपूर्ण पुल है, जो मुंबई को ठाणे, वाशी और उपनगर को जोड़ने का काम करता है। इस फ्लाइओवर से रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है। तीन दिनों तक फ्लाइओवर के बंद होने की वजह से हाइवे पर वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। शशिकांत के अनुसार, बेयरिंग बदलने का काम आठ चरणों में 6 अप्रैल तक चलेगा। इसके इसके बाद एक्सपेंशन जॉइंट बदलने और डांबरीकरण का काम किया जाएगा।