उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

मुंबई में खुलेगा यूपी सरकार का कार्यालय, उत्तर भारतीयों की समस्याओं का होगा निवारण

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार एक बड़ी पहल करते हुए देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में अपना एक नया कार्यालय खोलने जा रही है। इसके पीछे सरकार का उद्देश्य खासतौर पर उत्तर प्रदेश के लोगों को रोजी-रोजगार, व्यवसाय और निवास के दौरान होने वाली तमाम दिक्कतों का निवारण करना है। यूपी सरकार इसके माध्यम से प्रवासी कामगारों के सहूलियत व उनके हितों की रक्षा के लिए काम करेगी।
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रह रहे लाखों उत्तर प्रदेश के निवासियों को अपने प्रदेश में निवेश करने, उनके हितों की रक्षा व उनकी सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तावित इस कार्यालय के माध्यम से उन तमाम उत्तर प्रदेश के निवासियों से जुड़ना संभव होगा जो या तो लंबे समय से मुंबई में नौकरी या व्यसाय के लिए रह रहे हैं, या वे, जो हर वर्ष रोजगार की तलाश में मुंबई आते हैं और समय समय पर (या किसी आपदा की स्थिति में) यूपी वापस आते हैं।
बता दें कि मुंबई में बड़ी संख्या में यूपी और बिहार के लोग रहते हैं। यह लोग निजी क्षेत्र के साथ ही असंगठित क्षेत्र में भी काम करते हैं। ऐसे में उन लोगों की सहायता को ध्यान में रखते हुए इस दफ्तर का निर्माण कराया जा रहा है। मुंबई में योगी का यह कार्यालय अप्रवासी कामगारों के लिए यूपी में रोजगार के नए अवसर पैदा करने में भी सहायक होगा। यही नहीं, ये कार्यालय आपदा में यूपी के मुंबईकरों की सहायता का केंद्र भी बनेगा।
एक अनुमान के मुताबिक, मुंबई की 1 करोड़ 84 लाख जनसंख्या में लगभग 50-60 लाख उत्तर भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जिनमें यूपी से आने वालों की संख्या सबसे ज्यादा है। जो मुंबई में लंबे समय से रह रहे हैं।

महाराष्ट्र में UP दूतावास की जरूरत नहीं
वहीँ, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री जयंत पाटिल ने यूपी सरकार की इस घोषणा को अनावश्यक बताया और साथ में मनसे व भाजपा के बीच बढ़ती नजदीकियां और महाराष्ट्र में होने वाले बीएमसी चुनाव का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जो लोग महाराष्ट्र में रह रहे हैं उन्हें इस तरह की एंबेसी (दूतावास) की जरूरत नहीं है। इसके अलावा पाटिल ने कहा कि मुंबई में यूपी सरकार का दफ्तर खोलने का यह कदम बीएमसी चुनाव से पहले आया है। लेकिन यूपी और बिहार के लोग यहां खुद को सुरक्षित मानते हैं।
एनसीपी नेता जयंत पाटिल ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा इन दिनों महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के साथ बैठकें कर रही है। इस दौरान भाजपा को बीएमसी चुनाव में कुछ धोखा नजर आ रहा है। जिसके चलते वे मुंबई में ऐसे कार्यालय खोल रहे हैं।