उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

वाराणसी में खून की होली, पत्नी को गुलाल लगाने का किया विरोध तो पति की पीट-पीटकर कर दी हत्या!

वाराणसी: रंगों के त्योहार होली पर एक-दूसरे को गुलाल, अबीर और तरह-तरह के रंग डालकर लोग त्योहार मनाते हैं। रंगों में सराबोर होकर, सारे गिले-शिकवे भूलकर एक दूसरे को गले लगाते हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश के वाराणसी में खून की होली खेली गई। कुछ लोगों ने एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी और चार अन्य लोग अस्पताल में भर्ती हैं। विवाद तब शुरू हुआ जब एक पति ने अपनी पत्नी के गाल पर रंग लगाने से मना किया।
घटना वाराणसी के चौबेपुर इलाके के बराई गांव की है। लोगों ने बताया कि गांव में होली खेली जा रही थी। यहां रहने वाले राजू राजभर (35) की पत्नी को कुछ लोगों ने आकर जबरन गुलाल और रंग लगा दिया। यह देखकर राजू भड़क गया और उसने इसका विरोध किया। जिसे लेकर राजू और दूसरे पक्ष के बीच बहस हो गई। हालांकि, कुछ देर बाद झगड़ा शांत हो गया और दोनों पक्ष अपने-अपने घर चले गए। लेकिन कुछ देर बाद दूसरा पक्ष लगभग 20 से 25 लोगों के साथ वापस आया और राजू के घर के बाहर गाली-गलौच करने लगा। इतने में राजू बाहर निकला और उसने इसका विरोध किया। राजू के साथ ही उसके परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर आ गए। देखते ही देखते वहां आए 20-25 लोग राजू के ऊपर लाठी-डंडे लेकर टूट पड़े। उसके परिवार के लोगों ने बचाव किया तो उन्हें भी पीटा।

बच्चे लगा रहे थे पिता को बचाने की गुहार
इस दौरान राजू के दो छोटे बेटे और बेटियां पिता को बचाने की गुहार लगाते रहे लेकिन कोई नहीं आया। राजू को लहूलुहान छोड़कर आरोपी वहां से भाग निकले। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। राजू को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। लोगों ने बताया कि राजू गांव का बीडीसी सदस्य और बीजेपी कार्यकर्ता था। पुलिस, आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। सरेआम हुई इस घटना के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहा है।