दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पद से दिया इस्तीफा, MCD चुनाव में मिली हार की ली जिम्मेदारी

नयी दिल्ली: दिल्ली नगर निगम चुनाव का असर अब प्रदेश बीजेपी में दिखना शुरू हो गया है। निगम चुनाव में सत्ता गंवाने के बाद प्रदेश बीजेपी प्रमुख आदेश गुप्ता ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। आदेश गुप्ता ने खुद अपने इस्तीफे की पुष्टि की।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी नेतृत्व ने गुप्ता का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। उत्तर पूर्व दिल्ली के मेयर रह चुके आदेश गुप्ता 2 जून 2020 को दिल्ली बीजेपी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। 54 वर्षीय गुप्ता ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के इस्तीफे का बाद यह पद संभाला था।
आदेश गुप्ता ने कहा कि मैंने कल ही अपना इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को दे दिया था। एमसीडी चुनाव में हार की पूरी जिम्मेदारी लेते हुए मैंने अपने पद से त्यागपत्र दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा जी ने मेरा इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है और नया अध्यक्ष चुने जाने तक पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को दिल्ली बीजेपी का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

गौरतलब है कि प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता का कार्यकाल अगले साल जून तक था। इसके बावजूद बदली परिस्थितियों और मिशन 2024 को देखते हुए आदेश गुप्ता ने इस्तीफा दे दिया। गुप्ता के इस्तीफे के बाद जल्द ही पार्टी के अध्यक्ष के रूप में नए चेहरे को लाने की राह साफ हो गई है।
इससे पहले निगम चुनावों में हार को लेकर गुप्ता ने कहा था कि भाजपा एक मजबूत विपक्ष बनकर दिल्ली के लोगों की सेवा करेगी। इसके साथ ही दिल्ली सरकार में आम आदमी पार्टी (AAP) की तरफ से किए गए भारी भ्रष्टाचार की तरह निगम में आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार को उजागर करेगी। गुप्ता का कहना था कि नगर निकाय चुनाव में बीजेपी को मिले 40 प्रतिशत मतदान के लिए वह पार्टी कार्यकर्ताओं सहित दिल्ली के सभी मतदाताओं का आभार जताते हैं। आदेश गुप्ता ने कहा था कि बीजेपी निगम में भी वह दिल्ली की जनता से जुड़े सवालों और समस्याओं को मजबूती से उठाएगी। इससे पहले सियासी हलको में चर्चा थी कि एमसीडी चुनाव खत्म होने के बाद अब बीजेपी की निगाहें 2024 के लोकसभा चुनावों पर है। ऐसे में पार्टी जनवरी में प्रदेश की कमान नए चेहरे के हाथों में सौंपी जाएगी।

बता दें कि 15 साल से MCD पर काबिज भाजपा को इस बार करारी हार का सामना करना पड़ा। यह पहली बार है, जब ‘आम आदमी पार्टी’ ने निगम में जीत हासिल की है। 134 सीटों के साथ जीत दर्ज कर AAP अपना मेयर (महापौर) बनाएगी। इस बार दिल्ली में 2014 और 2017 से भी कम मतदान हुआ था।