नागपुरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

नागपुर पंचायत समिति के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों के पदों पर हुए चुनावों में बीजेपी की हालत खस्ता, स्थानीय चुनाव में कांग्रेस की बल्ले-बल्ले!

नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में पंचायत समिति के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों के पदों पर हुए चुनावों में बीजेपी को तगड़ा झटका लगा है। कांग्रेस ने पंचायत समिति की अधिकांश सीटों पर कब्जा जमा लिया है।
वहीं, बीजेपी पंचायत समिति के अध्यक्ष का एक भी पद नहीं जीत सकी और इन चुनावों में उपाध्यक्ष की केवल तीन सीटें ही पार्टी के खाते में आईं, जिसे बीजेपी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का गृह क्षेत्र है। साथ ही नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मुख्यालय भी है। चुनावों के नतीजे शनिवार को घोषित किए गए थे। कांग्रेस ने नागपुर में अध्यक्ष के 13 में से नौ और उपाध्यक्ष के 13 में से 8 पदों पर कब्जा किया। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने अध्यक्ष के तीन पद हासिल किए, जबकि शिवसेना ने अध्यक्ष के एक पद पर जीत दर्ज की।
कांग्रेस ने सौनेर, कलमेश्वर, परसिवनी, मौदा, कैम्पटी, उमरेड, भिवापुर, कुही और नागपुर ग्रामीण में अध्यक्ष का पद जीता है। अधिकारियों के मुताबिक, काटोल, नरखेड़ और हिंगना में राकांपा ने जीत हासिल की जबकि रामटेक अध्यक्ष का पद शिवसेना ने जीता। सूत्रों के मुताबिक, रामटेक सीट पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले धड़े ने ‘बालासाहेबंची शिवसेना’ नाम से जीत हासिल की।
इस जीत के बाद कांग्रेस उत्साहित नजर आ रही है। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और कांग्रेस ग्रामीण इकाई के प्रमुख राजेंद्र मुलक ने कहा कि पंचायत समिति के नतीजों ने भाजपा कैडर को निराश कर दिया है, क्योंकि पार्टी को आरएसएस और वरिष्ठ नेताओं नितिन गडकरी, देवेंद्र फडणवीस और चंद्रशेखर बावनकुले के घरेलू मैदान पर हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि जीत और हार होती रहती है, लेकिन जिस तरह से वे हारे हैं, उससे पता चलता है कि जिले में भाजपा कैडर की कोई पकड़ नहीं है। बता दें कि रविवार को सरपंच और ग्राम पंचायत सदस्यों के पदों के लिए चुनाव हुए और आज यानी सोमवार को इसके नतीजे घोषित किए जा रहे हैं।