उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के छोटे भाई कृपाशंकर सिंह का निधन, दिल्ली में ली अंतिम सांस

बलिया: देश के पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के छोटे भाई कृपाशंकर सिंह का शनिवार की सुबह देहांत हो गया। उन्होंने दिल्ली में आखिरी सांस ली। कृपाशंकर सिंह लंबे समय से हृदय रोग से पीड़ित थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही जिले में शोक की लहर दौड़ गई। कृपाशंकर, अपने बड़े भाई के अत्यंत प्रिय थे और आजीवन उनके साथ साए की तरह लगे रहते थे।
चार भाइयों राम नगीना सिंह, चंद्रशेखर व बद्री नारायण सिंह में कृपाशंकर चंद्रशेखर के बाद तीसरे नंबर पर थे। इनके तीन पुत्र डॉ नवीन सिंह, प्रवीण सिंह व बब्बू के साथ ही एक पुत्री है। 1मई 1937 को जन्मे कृपा शंकर सिंह हृदय रोग से पीड़ित थे। वे देवस्थली विद्यापीठ के प्रबंधक व दूजा देवी महाविद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष भी रहे।
इनके भतीजे नीरज शेखर भाजपा से सांसद व पौत्र रविशंकर सिंह पप्पू विधान परिषद के सदस्य हैं। उनके निधन की सूचना जैसे ही बलिया पहुंची, शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। देवस्थली विद्यापीठ के प्रिंसिपल पीसी श्रीवास्तव ने विद्यालय के प्रबंधक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
चंद्रशेखर उद्यान में शेखर फाउंडेशन के तत्वावधान में शोक सभा आयोजित की गई। इस मौके पर विधान परिषद सदस्य रवि शंकर सिंह पप्पू ने उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष जी (पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर) के जाने के बाद कृपा बाबा की छत्रछाया हमें संबल देती थी। लेकिन आज वे भी हमें छोड़कर चले गए। उनका जाना हमारे परिवार के लिए बहुत बड़ी क्षति है। इसकी भरपाई संभव नहीं है। वे हमारे लिए वट वृक्ष के समान थे। हर मुश्किल घड़ी में हमारे साथ खड़े रहते थे।
समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोगों के प्रति उनका स्नेह और लगाव सर्वविदित था। अध्यक्ष जी की ही तरह कभी किसी पद की लालसा नहीं रखने वाले कृपा बाबा की कमी को अब कोई भर नहीं पाएगा। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल सिंह, अनिरुद्ध सिंह, मनोज सिंह, आलोक सिंह झुनझुन, उत्कर्ष सिंह, अमित सिंह बघेल, रविशंकर सिंह पिक्कू, विनोद सिंह, सुरेन्द्र कन्नौजिया, तेजा सिंह, जितेन्द्र सिंह, विशाल नरायन सिंह आदि ने कृपा शंकर सिंह के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किया।