उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरव्यवसायशहर और राज्य

फ्लू की दहशतः MP के खंडवा में संक्रमित मृत कौए खाने से तीन कुत्तों की मौत! देश के सात राज्यों में फैला Bird Flu, अंडे-चिकन को लेकर बरतें ये सावधानी…

खंडवा: मध्य प्रदेश के खंडवा शहर में बर्ड फ्लू का खतरा बढ़ता जा रहा है। बर्ड फ्लू से मृत कौओं को खाने के बाद अब कुत्ते भी इसका शिकार हो रहे हैं। रविवार को खंडवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर 5 पर मरे हुए कौओं को खाने से तीन कुत्तों की मौत हो गई। जबकि दो कुत्ते मरणासन्न स्थिति में आ गए।
सूचना मिलने पर समाजसेवी सुनील जैन ने मौके पर पहुंचकर पशु चिकित्सा विभाग के साथ ही रेलवे के स्वास्थ्य विभाग की टीम को बुलाया। अधिकारियों ने यहां मृत पड़े दो कौओं और तीन कुत्तों के शवों को उठाकर दफन किया है।
मध्य प्रदेश में बर्ड फ्लू के वायरस से कुत्तों की मौत का पहला मामला सामने आया है। इधर खंडवा नगर निगम की टीम को रामेश्वर रोड क्षेत्र और सेठी नगर में भी कौओं के मृत पाए जाने की सूचना मिली है। विदित हो कि खंडवा में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। जगह-जगह कौए मृत मिलने पर आमजनों द्वारा इसकी सूचना अधिकारियों को दी जा रही है।
समाजसेवी सुनील जैन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कौओं की मौत पर सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए। इधर पशु चिकित्सा विभाग ने आमजन से अपील की है कि कहीं भी कौए मृत या मरणासन्न हालत में पाए जाने पर उन्हें बगैर दस्ताने पहने हाथ ना लगाएं। इसकी सूचना तत्काल नगर निगम को दें। कौओं को दफनाने की व्यवस्था कराई जाए ताकि इन्हें कुत्ते या अन्य जानवर ना कहा सकें या इंसानों में वायरस ना फैल सके।

बता दे कि देश के कई राज्यों में बर्ड फ्लू का प्रकोप बढ़ गया है। केंद्र सरकार का कहना है कि उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू या ‘एवियन इंफ्लूएंजा’ के प्रकोप की पुष्टि होने के साथ ही इससे प्रभावित राज्यों की कुल संख्या बढ़ कर 7 हो गई है। देश में अब तक 1200 पक्षियों की मौत हो चुकी है।
केंद्र ने कहा कि दिल्ली, चंडीगढ़ और महाराष्ट्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि अभी नहीं हुई है। इन स्थानों से लिए गए नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। उत्तर प्रदेश के अलावा जिन अन्य छह राज्यों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है, उनमें केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और गुजरात शामिल हैं। मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अब तक सात राज्यों में इस रोग की पुष्टि हुई है। विभाग ने प्रभावित राज्यों को परामर्श जारी किया है, ताकि रोग को और अधिक फैलने से रोका जा सके।

कच्चा मांस या अंडा कर सकता संक्रमित
दुकान से चिकन खरीदने के बाद उसे धोते वक्त हाथों पर ग्लव्स और मुंह पर मास्क जरूर पहनें। कच्चा मांस या अंडा भी किसी इंसान को संक्रमित कर सकता है। आप किसी दूषित स्थान के माध्यम से भी वायरस की चपेट में आ सकते हैं। इसलिए पोल्ट्री फार्म या दुकानों पर किसी चीज या स्थान को छूने से बचें। किसी भी चीज को छूने के बाद हाथों को तुरंत सैनिटाइज करें।
चिकन को करीब 100 डिग्री सेल्सियस की ताप पर पकाएं। कच्चा मांस या अंडा खाने की गलती न करें। हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक, ये वायरस ताप के प्रति संवेदनशील है और कुकिंग टेंपरेचर में नष्ट हो जाता है। कच्चे मांस या अंडों को खाने की दूसरी चीजों से अलग रखना चाहिए।

अधपका चिकन या अंडा खाने से बचे
अक्सर आपने हाफ बॉइल या हाफ फ्राइड अंडा खाते देखा होगा। बर्ड फ्लू से बचने के लिए इस आदत को तुरंत बदल दें। अधपका चिकन या अंडा खाने से ये बीमारी आपको चपेट में ले सकती है।

कैसा चिकन खरीदें
चिकन की दुकान या मुर्गी फार्म पर ऐसे मुर्गों का मांस खरीदने से बचें जो दिखने में कमजोर और बीमार लग रहे हों। ये पक्षी H5N1 वायरस से संक्रमित भी हो सकता है। चिकन खरीदते समय पूरा एहतियात बरतें। साफ-सुथरा चिकन ही खरीदें।

क्या हैं बर्ड फ्लू के लक्षण
बर्ड फ्लू के लक्षण आमतौर पर होने वाले फ्लू के लक्षणों से काफी मिलते-जुलते हैं। H5N1 इंफेक्शन की चपेट में आने पर आपको खांसी, डायरिया, रेस्पिरेटरी में परेशानी, बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, बेचैनी, नाक बहना या गले में खराश की समस्या हो सकती है।

पोल्ट्री फार्म में काम करने वालों से दूर रहे
पोल्ट्री फार्म में काम करने वाले लोगों से दूर रहें और प्रभावित इलाकों में जाने से बचें। हेल्थकेयर वर्कर्स के नजदीक न जाएं। घर में किसी संक्रमित व्यक्ति से भी निश्चित दूरी बनाकर रखें। ओपन एयर मार्केट में जाने से परहेज करें और हाइजीन-हैंडवॉश जैसी बातों का खास ख्याल रखें।

सभी पक्षियों को मारने के आदेश
उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए लखनऊ चिड़ियाघर के पक्षियों में बर्ड फ्लू के वायरस मिलने के बाद चिड़ियाघर का बर्ड सेक्शन बंद कर दिया गया है। बर्ड हाउस में लोगों के जाने पर रोक लगा दी गई है।
वहीं कानपुर चिड़ियाघर में बाड़े के सभी पक्षियों को मारने का आदेश प्रशासन ने दिया है। यहां भी कुछ पक्षियों में बर्ड फ्लू के वायरस मिले हैं। फिलहाल कानपुर चिड़ियाघर को सील कर दिया गया है।
बता दें कि कानपुर चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू का संक्रमण मिलने पर चिड़ियाघर को सील कर दिया गया है। यहां पर चार पक्षियों की मौत की जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू के वायरस मिले हैं। कानपुर कमिश्नर राजशेखर के आदेश पर चिड़ियाघर के आसपास के इलाके को रेडजोन घोषित किया गया है। यहां पर प्रशासन और निवासी सभी अलर्ट हो गए हैं।
इसके अलावा प्रशासन ने बाड़े के पक्षियों को भी मारने के आदेश चिड़ियाघर प्रशासन को दिए हैं। इस चिड़ियाघर में दो दिनों में दस पक्षियों की मौत हुई थी जिनमें से चार पक्षियों के के सैंपल जांच के लिए लेब्रोटरी भेजे गए थे। वहां से आई रिपोर्ट में चारों पक्षियों में बर्ड फ्लू के वायरस पाए गए हैं।

जानवरों को चिकन देना बंद
चिड़ियाघर प्रशासन ने अब भोजन के रूप में जानवरों को चिकन देना बंद कर दिया है। अब जानवरों को अंडा दिया जा रहा है वह भी 20 मिनट तक उबालने के बाद। बर्ड फ्लू से बचाव के लिए पक्षियों को दवाइयां भी दी जा रही है।

बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट जारी
WHO ने भी बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। पक्षियों के लार, मल इत्यादि से यह वायरस फैलता है। बर्ड फ्लू के 11 वायरस हैं जो इंसानों को संक्रमित करते हैं, लेकिन इनमें से पांच H5N1, H7N3, H7N7, H7N9 और H9N2 इंसानों के लिए खतरनाक है।