ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

बीजेपी नेता कंबोज ने उद्धव ठाकरे पर साधा निशाना, बोले- पार्टी में क्या चल रहा है ये पता नहीं, फिर भी CM पर तंज!

मुंबई: कामाख्या देवी के दर्शन के लिए अपने विधायकों के साथ गुवाहाटी जाने पर उद्धव ठाकरे गुट की तरफ से एकनाथ शिंदे गुट पर जमकर निशाना साधा गया। हालांकि, इसी अंदाज में शिंदे गुट से भी तल्ख टिप्पणी की गई है। देवी के दर्शन और हाथ दिखाकर भविष्य जानने की कोशिश के मामले में एकनाथ शिंदे विपक्ष के निशाने पर थे।
एकनाथ शिंदे के साथ ही बीजेपी नेता मोहित कंबोज भारतीय भी गुवाहाटी में कामाख्या देवी माता के दर्शन के लिए साथ में गए थे। शिंदे पर लगातार हो रहे हमले के बाद मोहित कंबोज ने भी उद्धव ठाकरे गुट पर जमकर निशाना साधा। उद्धव पर निशाना साधते हुए मोहित कंबोज ने कहा कि जिन लोगों यह नहीं पता है कि उनकी पार्टी में क्या चल रहा है? उन्हें दूसरे दल पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है। जिन्हें यह भी नहीं पता कि उनके विधायक उन्हें छोड़ने वाले हैं। उन्हें दूसरों पर आरोप लगाना शोभा नहीं देता। बेहतर होगा कि वो पहले अपनी पार्टी पर ध्यान दें।
कंबोज ने न सिर्फ उद्धव ठाकरे बल्कि संजय राउत पर भी जमकर निशाना साधा। कंबोज ने कहा कि बीते तीन महीनों तक संजय राउत जेल यात्रा पर थे। इसलिए उनका मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है। इसलिए फिलहाल, उन्हें जो कुछ भी बोलना है बोलने दिया जाए। कंबोज ने कहा कि संजय राउत के पास फिलहाल सुबह से लेकर शाम तक सिर्फ निगेटिव बातें बोलने के अलावा दूसरा कोई काम नहीं है। जेल से निकलने के बाद से वो मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं।
मोहित कंबोज द्वारा उद्धव ठाकरे गुट पर निशाना साधे जाने के बाद यह माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में दोनों तरफ से जुबानी जंग शुरू होगी। कंबोज की प्रतिक्रिया पर संजय राउत क्या बोलते हैं इसका जवाब आना अभी बाकी है।

मुंबई में बनेगा असम भवन: मुख्यमंत्री 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के अनुरोध पर नवी मुंबई में असम भवन के निर्माण को अनुमति दे दी है। गुवाहाटी में सरमा के साथ बैठक के बाद शिंदे ने कहा कि इसी तरह एक ‘महाराष्ट्र भवन’ असम में भी बनेगा। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों को सांस्कृतिक रूप से करीब लाने के लिए असम में महाराष्ट्र भवन की स्थापना के संबंध में भी इस बैठक में सकारात्मक चर्चा हुई।
हालांकि, इस पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने कहा कि असम भवन पहले से नवी मुंबई में स्थित है, हर राज्य यहां भूमि चाहता है पर महाराष्ट्र के लिए अन्य राज्यों में जगह नहीं है। शिंदे के कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, दोनों नेताओं ने उद्योग, व्यापार और पर्यटन के क्षेत्र में राज्यों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। शिंदे और उनके मंत्री और सांसदों ने अपने-अपने परिवार के साथ कामाख्या देवी मंदिर में शनिवार को दर्शन किये और इसके बाद सरमा के साथ एक मिलन समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री शिंदे ने सरमा को महाराष्ट्र आने का न्योता भी दिया है।