चुनावी हलचलदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

भगवंत मान ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, 16 को लेंगे सीएम पद की शपथ!

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) नेता और पंजाब के नामित मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से भेंट कर राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल से मुलाकात के बाद राजभवन के बाहर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मान ने कहा कि उन्होंने विधायकों के समर्थन का पत्र राज्यपाल को सौंपा, जिसे राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा, ‘हमने सरकार बनाने की दावेदारी पेश की और राज्यपाल साहब ने उसे मंजूर कर लिया।’ मान (48) को मोहाली में शुक्रवार को हुई पार्टी की बैठक में विधायक दल का नेता चुना गया। मान ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह 16 मार्च को अपराह्न 12 बजकर 30 मिनट पर नवाशहर जिले में स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में होगा। इससे पहले 13 मार्च को पार्टी विजय मार्च निकालेगी।

मान ने बताया कि हमने शपथ ग्रहण समारोह में पंजाब के लोगों को आमंत्रित किया है। उस दिन हर पंजाबी शपथ लेगा। हम पंजाब की प्रगति के लिए सब कुछ कुर्बान कर देने का संकल्प लेंगे। मान ने कहा कि हम भगत सिंह को श्रद्धांजलि देंगे।
मंत्रिमंडल गठन के सवाल पर मान ने कहा, मंत्रिमंडल अच्छा होगा। ऐतिहासिक फैसले लिए जाएंगे। उन्होंने ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया है। मान और केजरीवाल रविवार को स्वर्ण मंदिर, दुर्गानिया मंदिर और श्री राम तीर्थ मदिंर में प्रार्थना करेंगे। दोनों नेता अमृतसर में आयोजित रोड शो में भी हिस्सा लेंगे जो आप को चुनाव में भारी जीत देने पर जनता को धन्यवाद ज्ञापित करने के लिए आयोजित किया गया है।

122 पूर्व विधायकों, मंत्री और वीआईपी की सुरक्षा वापस
भगवंत मान ने शनिवार को शपथ ग्रहण से पहले राज्य कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी सहित 122 पूर्व विधायकों, मंत्री और वीआईपी की सुरक्षा वापस ले ली। पूर्व मंत्रियों में कांग्रेस के मनप्रीत सिंह बादल और परगट सिंह शामिल हैं, जो चुनाव हार गए हैं।
हालांकि, सूची में पूर्व मुख्यमंत्रियों- कैप्टन अमरिंदर सिंह और प्रकाश सिंह बादल और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर बादल और राज्य कांग्रेस प्रमुख सिद्धू के नाम नहीं हैं।
बता दें कि पंजाब शपथ ग्रहण से पहले भगवंत मान ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से दिल्ली में मुलाकात कर उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव 2022 में ‘आप’ ने प्रचंड जीत हासिल की है। पंजाब के पूरे इतिहास में किसी एक पार्टी की ये सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है। इससे पहले 1992 में कांग्रेस ने 87 सीटें जीती थीं लेकिन 2022 में आप की ये जीत सिर्फ नंबर के लिहाज से बड़ी नहीं है बल्कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सुनामी में बड़े-बड़े सियासी दिग्गज धराशायी हो गए।
मौजूदा मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अपनी दोनों सीट से चुनाव हार गए। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिद्धू भी अपनी सीट नहीं बचा पाए, तो दो पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और प्रकाश सिंह बादल को भी हार का मुंह देखना पड़ा।

ए वेणु प्रसाद होंगे पंजाब के सीएम के प्रधान सचिव
ए वेणु प्रसाद को पंजाब के सीएम का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। वह 1991 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह लंबे समय तक पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के सीएमडी रहे हैं और वर्तमान में उत्पाद शुल्क और कराधान के एसीएस के रूप में तैनात थे।

हिमाचल में 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी (AAP)
पंजाब चुनाव जीतने के बाद अब आम आदमी पार्टी (AAP) हिमाचल प्रदेश की ओर रुख करने जा रही है। आम आदमी पार्टी हिमाचल में 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यह जानकारी दिल्ली के सेहत मंत्री सतेन्द्र जैन ने दी है।’आप’ ने 92 सीटों से शानदार जीत हासिल की है। पार्टी महसूस कर रही है कि इन दिनों ‘आप’ के पक्ष में लहर बनी हुई है उसका भरपूर फायदा उठा जाए।