उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़

मथुरा: बांके बिहारी मंदिर के पास मकान का छज्जा गिरने से पांच लोगों की मौत; कई घायल

मथुरा, (राज चौधरी): तीर्थनगरी वृंदावन में 77वें स्वतंत्रता दिवस की शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक इमारत का हिस्सा गिरने से पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जिस वक्त यह घटना हुई, उस वक्त मकान के पास से दर्जनों श्रद्धालु बांके बिहारी मंदिर के लिए गुजर रहे थे। इसके मलबे में दबने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रुप से घायल हैं।

कैसे हुआ ये हादसा?
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बांके बिहारी मंदिर के पास (करीब 150 मीटर दूर) स्नेह बिहारी जी मंदिर के पास दोसायत मोहल्ले में विष्णु शर्मा का पुराना मकान है, जिसका ऊपरी छज्जा जर्जर था। मकान पर बंदरों के गुट लड़ रहे थे। लड़ते-लड़ते बंदर जर्जर छज्जे पर आए गए, जिससे मकान का छज्जा नीचे गिर गया। छज्जा गिरते ही चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। छज्जे के नीचे 11 लोग दब गए। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पांच श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई। मरने वालों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। मृतक श्रद्धालुओं की पहचान की जा रही है। जिलाधिकारी पुलकित खरे और एसएसपी शैलेश पांडेय ने घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल का जायजा लिया तथा राहत और बचाव कार्य की निगरानी की। हादसे की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हो गई हैं। घटना स्थल पर पहुंचे डीएम पुलकित खरे ने बताया कि मृतकों के स्वजन को मुआवजा दिलाने की संस्तुति की जाएगी।

हादसे में इनकी गई जान
बांके बिहारी मंदिर जा रहे देवरिया के करन झा, भगवानपुर निवासी चंदन राय, वृंदावन निवासी अंजु मुरगई, कानपुर के जरौली निवासी रश्मि गुप्ता व गीता कश्यप और कानपुर नगर बंबुराहिया कालोनी के अरविंद कुमार की मृत्यु हो गई।

हादसे में ये हुए घायल
वहीं, वृंदावन की आकांक्षा मुरगई और सारांश मुरगई, कानपुर के जरौली फेस दो निवासी अनामिका, फीरोजाबाद के खुशीपाल औऱ फरीदाबाद के पंकज मारग गंभीर रूप से घायल हो गए।