ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र में कोरोना का खौफ, भगवान के भी दरवाजे बंद, मंदिरों में लगे ताले!

जारी हो सकता है सरकारी दफ्तरों को बंद करने का फरमान, थम सकती है मुंबई की ‘लाइफ लाइन’?

मुख्यमंत्री ठाकरे ने की लोगों से संकट की इस घड़ी में सहयोग की अपील

मुंबई: कोरोना वायरस के कोहराम से अब तक देशभर में 3 मौते हो चुकी हैं और लगभग 137 लोग इस संक्रमण से पीड़ित हैं। क्या घर, क्या बाजार, क्या मंदिर, क्या मस्जिद, गुरूद्वारे, क्या स्कूल-कॉलेज, क्या रेलवे स्टेशन और क्या एयरपोर्ट सभी जगहों पर सतर्कता बरती जा रही है। एहतियात के चलते कई राज्यों में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। सिद्धिविनायक मंदिर, मुंबादेवी मंदिर, तुलजा भवानी मंदिर बंद, अजंता-एलोरा गुफाओं सहित कई ऐतिहासिक स्थल 9 अप्रैल तक बंद कर दिए गए हैं। विदेशों से आने वाले लोगों की जानकारी साझा करना जरूरी कर दिया गया है। एयरपोर्ट, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थलों पर खास सतर्कता बरती जा रही है। वहीं मुंबई शहर में मॉल, जिम और सिनेमाघरों तक को बंद कर दिया गया है। मुंबई के नेहरू साइंस सेंटर को भी 31 मार्च तक के लिए दर्शकों के लिए बंद किया गया है। इसके अलावा कोरोना वायरस के चलते मुंबई युनिवर्सिटी की वायवा परीक्षा 31 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

मॉल्स, सिनेमाघर, स्कूल-कॉलेज के बाद अब कई मंदिरों के कपाट भी बंद कर दिए गए हैं। इतना ही नहीं महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट मीटिंग में लोकल ट्रेन और बस बंद करने पर विचार भी कर रही है।
राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज, निजी क्लासेस और स्वीमिंग पूल बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। परीक्षाएं टालने का भी आदेश दिया गया है। मंत्रालय, सचिवालय और राजभवन में जनता के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। एहतियात के तौर पर कुछ प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों को आगंतुकों के लिए बंद कर दिया है। ग्राम पंचायतों सहित सभी स्थानीय निकाय चुनाव तीन महीनों तक टालने की मांग राज्य चुनाव आयोग से की गई है। इस बीच, महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 39 पहुंच गई है।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है, आने वाले 15 दिन बेहद महत्वपूर्ण है। सतर्कता की जरूरत है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि कोई भी शहर पूरी तरह शटडाऊन नहीं किया जाएगा।
सोमवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे, मुख्य सचिव अजोय मेहता और स्वास्थ्य सचिव प्रदीप व्यास ने राज्य के जिलाधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करके समीक्षा की। बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री टोपे ने बताया कि देश में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मरीज महाराष्ट्र में पाए गए हैं। इसीलिए टूर्स पर मुंबई पुलिस की पाबंदी और फिल्मों की शूटिंग बंद होने के बाद मंगलवार से मंत्रालय में आम आदमी के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। रानीबाग और संजय गांधी नैशनल पार्क में भी लोगों की आवाजाही बंद कर दी गई है।

महाराष्ट्र में निकाय चुनाव स्थगित
कोरोना वायरस के मद्देनजर एहतियात बरतते हुए महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को राज्य में निकाय चुनाव की तारीख को अगले आदेश तक स्थगित करने का फैसला लिया है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त यूपीएस मदान ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे को देखते हुए चुनाव स्थगित किए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने चुनाव से संबंधित प्रक्रिया को भी स्थगित कर दिया है।
श्री मदान ने कहा कि बंबई उच्च न्यायालय के 10 अगस्त 2005 के आदेशानुसार प्राकृतिक आपदा अथवा किसी अकस्मात स्थिति को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव स्थगित करवा सकता है। तदनुसार राज्य निर्वाचन आयोग ने आज मंगलवार से वार्ड परिसीमन, मतदाता सूची अद्यतन प्रकिया और अन्य चुनाव से जुड़ी गतिविधियों को भी स्थगित कर दिया है। उन्होंने कहा कि 1570 ग्राम पंचायतों के लिए मतदान 31 मार्च को होना था और इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी थी।

महाराष्ट्र में कोरोना के 41 मरीज़
महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित मरीज़ों की संख्या 41 हो गई है। पुणे के पिंपरी चिंचवड में एक और मरीज़ संक्रमित पाया गया है। वहीं मुंबई में भी एक और मरीज़ कोरोना पाजिटिव पाया गया। पिंपरी चिंचवड में मरीज़ों की संख्या 10 पहुँच गई है। पुणे में मरीजों की संख्या 7 है। मुंबई में मरीज़ों की संख्या 7 है। नागपुर में 4, यवतमाल में 3, कल्याण में 3, नवी मुंबई में 3, रायगढ, ठाणे, औरंगाबाद और अहमदनगर में एक-एक मरीज पॉजिटिव पाए गए है।
इस बीच मुंबई में एक कोरोना मरीज ने दम तोड़ दिया। यह भारत में कोरोना वायरस से तीसरी मौत और मुंबई में पहली है। इससे पहले दिल्ली और कर्नाटक में भी दो कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि 64 साल का यह बुजुर्ग दुबई से लौटे थे और कस्तूरबा अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें हिंदुजा से कस्तूरबा अस्पताल में शिफ्ट कराया गया था।
मुंबई महानगरपालिका ने कस्तूरबा अस्पताल में भर्ती 64 साल के बुजुर्ग की मौत की पुष्टि की है। मरीज को हाई ब्लड प्रेशर, निमोनिया और हृदय की मांसपेशियों में सूजन की समस्या भी थी। मनपा के अनुसार बुजुर्ग की मौत हार्ट रेट बढ़ने के चलते हुई है। वह कोरोना पॉजिटिव भी था। मृतक की पत्नी और बेटे की भी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव है।
हालांकि महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे का कहना है कि अभी यह जल्दबाजी होगा कि मुंबई में आज जो मौत हुई है वह कोरोना की वजह से है या नहीं? मंत्री ने कहा कि वह अभी रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
बता दें कि पहले खबर आई थी कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के चलते हुई पहली मौत के बाद राज्य सरकार ने सभी सरकारी दफ्तरों को एक सप्ताह तक बंद करने का ऐलान किया है। हालांकि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा, सरकारी दफ्तर बंद नहीं किए गए है। इस बारे में एक दो दिन में फैसला लिया जाएगा। लोकल ट्रेनें, मेट्रो और बसें चलती रहेंगी। लेकिन ज़रूरी होने पर ही लोग घरों से बाहर निकलें। मुख्यमंत्री ठाकरे ने लोगों से संकट की इस घड़ी में सहयोग की अपील की है।