ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्ररायगढ़

महाराष्ट्र: रायगढ़ में भूस्खलन से 7 की मौत; कई परिवारों के फंसे होने की आशंका, जायजा लेने घटनास्थल पर पहुंचे CM शिंदे

रायगढ़: महाराष्ट्र में हो रही तेज बारिश के दौरान रायगढ़ के खालापूर में बड़ा हादसा हुआ है। यहां हुए भूस्खलन (Landslide in Raigad) में 30 से ज्यादा परिवारों के फंसे होने की आशंका है।
बता दें कि रायगढ़ की खालापुर तहसील के इरशालगड गांव में यह हादसा हुआ, जिसमें करीब 100 लोग फंसे हुए हैं। जिस जगह हादसा हुआ, वह मोरबी बांध से छह किलोमीटर दूर है। हादसे में कई लोगों की जान जाने की आशंका है। अभी तक 5 शव बरामद हो चुके हैं और तीन लोग घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी घटनास्थल पहुंचे हैं। राहत और बचाव कार्य जारी हैं।

रायगढ़ के जिलाधिकारी योगेश महासे ने बताया कि घटना मध्यरात्रि की है। एक टीम, जिसमें सब डिविजनल ऑफिसर और तहसीलदार शामिल हैं, घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। जिलाधिकारी ने बताया कि भूस्खलन जिस जगह पर हुआ, वहां पहुंचने के लिए दो घंटे की चढ़ाई करनी पड़ती है, जिसकी वजह से राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण है।
घटना की सूचना मिलते ही सीएम एकनाथ शिंदे ने भी अधिकारियों को फोन कर घटना की जानकारी ली और गुरुवार सुबह वह खुद घटनास्थल पर पहुंचे है।
वहीं पनवेल और नवी मुंबई के सभी अस्पतालों को सूचित कर दिया गया है और उन्हें प्रभावितों को सभी जरूरी चिकित्सा सेवाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं।

रायगढ़ में भारी बारिश का रेड अलर्ट
वहीं मौसम विभाग ने गुरुवार को रायगढ़ में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। जिला प्रशासन ने एनजीओ से अपील की है कि वह एनडीआरएफ की मदद के लिए आगे आएं ताकि जल्द से जल्द बचाव कार्य को पूरा किया जा सके। एनडीआरएफ की दो टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। साथ ही चार एंबुलेंस भी मौके पर मौजूद हैं। हादसा जिस जगह हुआ, वहां आदिवासी लोग रहते हैं। हादसे में घटनास्थल पर पांच-छह मकान और एक स्कूल सुरक्षित बच गए। बारिश के चलते 10-12 लोग स्कूल में रुके हुए थे, जिसकी वजह से उनकी जान बच गई। वहीं पांच लोग मछली पकड़ने मोरबी बांध गए हुए थे, उनकी भी जान बच गई है।

गृहमंत्री अमित शाह ने फोन पर ली घटना की जानकारी
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से फोन पर घटना की जानकारी ली है। अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा- ‘महाराष्ट्र के रायगढ़ में तेज बारिश से हुए भूस्खलन के संबंध में मैंने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से बात की। एनडीआरएफ की चार टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं और स्थानीय प्रशासन के साथ बचाव कार्यों में जुटी हैं। लोगों को वहां से निकालना व घायलों को तुरंत उपचार देना हमारी प्राथमिकता है।’

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का बयान
लैंडस्लाइड का गांव पहाड़ी पर है, अंदाजन 215 लोकसंख्या का गांव है। वहां बारिश की वजह से रेसक्यू करना मुश्किल था। वहां रास्ता नही था तो बड़ी मशीन पहुंच नहीं सकती लेकिन SDRF और NDRF की टीम भी वहां है। हेवी मशीन एयरलिफ्ट करने के बारे में सोचा जा रहा है। लेकिन वहां बारिश की वजह से हेलीकॉप्टर नहीं उतर सकता। मुख्यमंत्री वहां सुबह पहुंच गए है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है उसका मॉनिटरिंग कर रहे है।
7 लोगों की मृत्यु हो चुकी है अभी कितने लोग फंसे है इसकी पुख्ता जानकारी नही है। प्राथमिकता हमारी रेस्क्यू ऑपरेशन है और मलबे से शव निकलना है। भूस्खलन के स्पॉट बदल रहे है। unidentify स्पॉट पर भूस्खलन हुआ है क्लाइमेट चेंज की वजह से भी चैलेंज बढ़े है। इसीलिए और ऐसे कौन-कौन से वल्नरेबल स्पॉट है वह देखना होगा। साथ ही स्थानांतरण करना भी महत्वपूर्ण है। लेकिन लोग वहां से जुड़े है तो स्थानांतरण करना मुश्किल हो रहा है।