महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: मराठा क्रांति मोर्चा की संघर्ष यात्रा का आगाज, 3 नवंबर को ओबीसी समाज का आंदोलन

मुंबई: मराठा क्रांति मोर्चा की ओर से रविवार को मराठा आरक्षण संघर्ष यात्रा निकाली जा रही है। संघर्ष यात्रा लालबाग, सायन, कुर्ला, चेंबूर, मानखुर्द, घाटकोपर, भांडूप होते हुए ठाणे जिले में यात्रा का समापन होगा। शनिवार को मराठा क्रांति मोर्चा के मुख्य समन्यवक अंकुश कदम ने यह जानकारी दी थी। मुंबई मराठी पत्रकार संघ में पत्रकारों से बातचीत में कदम ने कहा कि संघर्ष यात्रा में मुंबई, नई मुंबई, रायगड, पालघर और ठाणे जिले के मराठा समाज के लोग शामिल हो रहे हैं। कदम ने कहा कि आने वाले समय में मराठा समाज का मुंबई में आंदोलन होगा। इसकी तैयारी के लिए मुंबई में 30 से 40 छोटी-छोटी सभाएं आयोजित की जा रही हैं। कदम ने कहा कि प्रदेश के पीडब्लूडी मंत्री तथा मराठा आरक्षण उपसमिति के अध्यक्ष अशोक चव्हाण और प्रदेश के मदद व पुनर्वसन मंत्री विजय वडेट्टीवार अलग-अलग बयान देकर मराठा समाज और ओबीसी समाज के बीच दूरियां पैदा कर रहे हैं। मराठा क्रांति मोर्चा इसकी निंदा करता है। दोनों मंत्रियों को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। कदम ने कहा कि यदि राज्य में आने वाले समय में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हुई तो इसके लिए राज्य सरकार जिम्मेदार होगी।

ओबीसी समाज का 3 नवंबर को आंदोलन
प्रदेश में ओबीसी समाज की ओर से 3 नवंबर को राज्य भर में ओबीसी आरक्षण बचाओ आंदोलन किया जाएगा। यह आंदोलन हर तहसील और जिले में होगा। शनिवार को ओबीसी, वीजेएनटी संघर्ष समिति के नेता प्रकाश शेंडगे ने यह जानकारी दी। शेंडगे ने कहा कि मराठा समाज ओबीसी कोटे में आरक्षण चाह रहा है। इस मांग को हम लोग कभी सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि मराठा समाज जो कहेगा, यदि प्रदेश में वही होगा तो ओबीसी समाज राज्य सरकार के एक भी मंत्री को सड़कों पर घुमने नहीं देगा। शेंडगे ने कहा कि मराठा आरक्षण पर रोक लगने के बाद सरकार ने सारथी संस्था के लिए निधि मंजूर किया लेकिन ओबीसी समाज के लिए घोषित महाज्योति संस्था का अब तक कामकाज शुरू नहीं हो सका है।