दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनमहाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिव्यवसायशहर और राज्य

मुंबई: संदीप सिंह ने किससे बात करने के लिए भाजपा कार्यालय में किया 53 बार फोन?: सावंत

मुंबई: महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा है कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मृत्यु प्रकरण में चर्चा में आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फिल्म बनाने वाले संदीप सिंह और बालीवुड ड्रग कनेक्शन को लेकर मेरे पास कई लोगों ने शिकायत की है। इसलिए मैं इन शिकायतों की जांच को लेकर सीबीआई से निवेदन करूंगा।
गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने संदीप सिंह के भाजपा से संबंधों की जांच करने की मांग की है। संदीप सिंह ने अभिनेता विवेक ओबेराय को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘पीएम नरेंद्र मोदी’ बनाई थी।
सावंत ने सवाल किया कि यह संदीप सिंह कौन है और भाजपा कार्यालय में उसका बॉस कौन है? कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा से उसकी इतनी नजदीकी क्यों हैं? इन सवालों के जवाब जनता को मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में ड्रग्स कनेक्शन के संदर्भ में जांच के दायरे में आया संदीप सिंह कभी भी लंदन भाग सकता है। इस तरह की खबरें मीडिया में आ रही हैं। ड्रग्स डीलिंग को लेकर संदीप सिंह का नाम जोड़ा गया है। ऐसे में भाजपा के साथ उसके संबंध को देखते हुए इसकी जांच की जानी चाहिए कि कहीं भाजपा व ड्रग्स माफियाओं का कोई संबंध तो नहीं है। इससे जुड़ा सच सामने आना चाहिए। सावंत ने कहा कि संदीप सिंह ने 1 सितंबर से 23 दिसंबर 2019 के दौरान महाराष्ट्र भाजपा कार्यालय में 53 बार फोन किया था। वह भाजपा कार्यालय में किससे बात करता था? भाजपा में संदीप सिंह का हैंडलर कौन है? इसका उत्तर मिलना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि संदीप सिंह व भाजपा के संबंध इतने प्रगाढ़ थे कि भाजपा ने उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बायोपिक फिल्म बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके लिए गुजरात सरकार ने उसकी लेजेंड ग्लोबल स्टूडियो नामक कंपनी के साथ 177 करोड़ रुपए का सामंजस्य करार किया था। इस करार के लिए सिर्फ संदीप सिंह की कंपनी को क्यों चुना गया अन्य फिल्मी कंपनियों को ‘वाईब्रेंट गुजरात सम्मेलन’ में क्यों नहीं शामिल किया गया?
सावंत ने दावा किया कि साल 2018 में नाबाबलिग बच्चों के लैंगिक शोषण में भी संदीप सिंह का नाम सामने आया था। इतने विवादित व्यक्ति को बायोपिक बनाने का जिम्मा क्यों दिया गया। यह आश्चर्यजनक है। इसका जवाब भाजपा को देना चाहिए। संदीप सिंह की दोस्त रिया चक्रवर्ती के जो व्हाट्सएप संदेश सामने आए हैं, वह भाजपा सरकार के समय के हैं। इसलिए बॉलीवुड व ड्रग्स माफिया के संबंधों की जांच की मांग करनेवाली भाजपा की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

आखिर कौन है संदीप सिंह?
सुशांत सिंह मौत मामले में संदीप सिंह का नाम अचानक से सुर्खियों में आ गया है। एक्टर की मौत के बाद हर मौके पर उनकी तस्वीरें सामने आने लगीं। संदीप खुद को सुशांत का करीबी दोस्त बताते हैं। हालांकि सुशांत की करीबी दोस्त रही रिया चक्रवर्ती उसके बारे में नहीं जानती। जबकि संदीप सिंह ने सुशांत की मौत के बाद उसके फिल्मी करियर और उनकी निजी जिंदगी को लेकर कई बयान दिए हैं, लेकिन अब सुशांत केस को लेकर संदीप खुद सवालों के घेरे में आ गए हैं।
हाल ही में भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने संदीप के दुबई कनेक्शन की जानकारी ट्विटर अकाउंट पर दी थी। उन्होंने संदीप को एक संदिग्ध करार दिया। वैसे फिल्म इंडस्ट्री में संदीप सिंह को बहुत कम लोग जानते हैं। संदीप बिहार के रहने वाले हैं और मुंबई के मीरारोड में रहे हैं। बतौर पत्रकार कैरियर शुरु करने वाले संदीप सिंह संजय लीला भंसाली के प्रोडक्शन हाऊस में बतौर सीईओ काम किया। 2015 में उन्होंने भंसाली से अलग होकर अपनी कंपनी ‘ग्लोबल स्टुडियो’ बनाई। संदीप की इस कंपनी ने अलीगढ़, भूमि और सरबजीत जैसी फिल्में बनाई। इसके अलावा संदीप ने 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फ़िल्म ‘पीएम नरेंद्र मोदी’ का निर्माण भी किया।