ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बोले- जल्द होगा मंत्रिमंडल का विस्तार

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गुरूवार को कहा कि राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द किया जाएगा। शिंदे और उद्धव ठाकरे समूह के बीच शिवसेना को लेकर लड़ाई के मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सीएम शिंदे ने कहा, आज सत्य की जीत हुई है। उन्होंने विपक्षी पार्टी के नेताओं द्वारा उनकी सरकार को गैर संवैधानिक करार दिए जाने को लेकर कहा कि उच्चतम न्यायालय ने प्रमाणित कर दिया है कि उनकी सरकार वैधानिक है। उन्होंने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि हमने अपने धनुष और तीर की रक्षा की है और बालासाहेब ठाकरे के विचारों पर स्थापित पार्टी की है। वहीं, आपने सत्ता के लिए, मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए अपने आदर्शों को गिरवी रख दिया था। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे ने शिवसेना के अधिकतर विधायकों का समर्थन खो दिया था । इस वजह से उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने नैतिकता के आधार पर इस्तीफा नहीं दिया था, जैसा कि वह दावा कर रहे हैं।

आदित्य ठाकरे ने शिंदे सरकार पर बोला हमला
महाराष्ट्र के राजनीतिक संकट को लेकर गुरुवार को आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के कुछ घंटों बाद शिवसेना यूबीटी नेता आदित्य ठाकरे ने एकनाथ शिंदे सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि कोर्ट के फैसले ने यह साबित कर दिया है कि यह देशद्रोहियों की सरकार है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान भ्रष्ट सीएम को इस्तीफा दे देना चाहिए और चुनावों का सामना करना चाहिए। मीडियाकर्मियों से बातचीत में आदित्य ठाकरे ने कहा, अगर आप आज के आदेश को देखें तो मैंने हमेशा कहा है कि यह देशद्रोहियों की सरकार है और आज साबित हो गया। वर्तमान भ्रष्ट मुख्यमंत्री को इस्तीफा देकर चुनाव का सामना करना चाहिए।
कोर्ट के फैसले के बाद आदित्य ठाकरे महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि शिंदे सरकार के षड्यंत्रकारी तरीके से बनने में कोश्यारी की भूमिका और सहायता स्पष्ट थी। राज्य की शिंदे-बीजेपी गठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने इस सरकार को असंवैधानिक, गैरकानूनी और अनैतिक करार दिया। उन्होंने शिंदे सरकार पर यह आरोप लगाने की कोशिश की कि उनका गुट बीजेपी के नियंत्रण में हैं। एक के बाद एक कई ट्वीट कर एकनाथ शिंदे सरकार पर निशाना साधते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि इस सरकार को बनाने में पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की भूमिका स्पष्ट थी। कोर्ट के फैसले से साफ है कि उन्होंने इस सरकार को बनाने में मदद की।
उन्होंने एक राज्यपाल के तौर पर नहीं बल्कि एक पार्टी के सदस्य के तौर पर काम किया। अगर नैतिकता और शर्म बची है तो असंवैधानिक सीएम को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सत्ता के लिए उनका लालच स्पष्ट है लेकिन नैतिकता और लोकतंत्र सर्वोपरि होना चाहिए।