उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

भाजपा नेता कृपाशंकर सिंह की सीएम योगी से मांग, उत्तर प्रदेश में छात्रों को पढ़ाई जाए मराठी

मुंबई,(राजेश जायसवाल): महाराष्ट्र के पूर्व गृहराज्य मंत्री व भाजपा नेता कृपाशंकर सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर माध्यमिक और उच्च माध्यमिक के छात्रों के लिए मराठी को एक वैकल्पिक भाषा के रूप में शामिल करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा है कि इस कदम से यूपी के छात्रों को महाराष्ट्र में बेहतर नौकरी पाने में मदद मिलेगी।
महाराष्ट्र भाजपा के उपाध्यक्ष कृपाशंकर सिंह ने सीएम योगी को लिखे पत्र में कहा है, जैसा कि आप जानते हैं कि पिछले 50 वर्षों से मैं महाराष्ट्र में रह रहा हूं और उत्तर प्रदेश में विशेष रूप से पूर्वांचल में संबंध बनाए हुए हूं। 50 वर्षों के इस कार्यकाल के दौरान मैंने पाया कि छात्रों का एक बड़ा हिस्सा जो अपनी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षाओं को पास करता है, वह उपयुक्त नौकरी पाने के लिए महाराष्ट्र चला जाता है। वरिष्ठ नेता कृपाशंकर ने यह भी कहा है कि उत्तर प्रदेश के मंत्रियों को महीने में एक बार यहां आकर उत्तर भारतीय जनता के दुख दर्द को भी सुनना और समझना चाहिए।

मराठी भाषा का ज्ञान नहीं होने से होती है परेशानी
पत्र में आगे कहा गया है कि 50 वर्षों के कार्यकाल के दौरान मैंने देखा कि जब छात्र महाराष्ट्र में आते हैं, तो उन्हें मराठी भाषा का ज्ञान नहीं होने के कारण कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इतना ही नहीं, बल्कि राज्य सरकार या नगर निगमों में कई रिक्तियां हैं, जिनके लिए मराठी भाषा के ज्ञान की आवश्यकता होती है। मेरे विचार से यदि मराठी को स्कूल में माध्यमिक और उच्च माध्यमिक में वैकल्पिक भाषा बनाया गया तो इससे छात्रों को महाराष्ट्र में बेहतर नौकरी पाने में मदद मिल सकती है।
भाजपा नेता सिंह ने कहा कि उपरोक्त को ध्यान में रखते हुए, मैं आपसे उत्तर प्रदेश में माध्यमिक के छात्रों के लिए मराठी को वैकल्पिक भाषा के रूप में शामिल करने का अनुरोध करता हूं।