उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र में 15 दिन के लिए बढ़ा लॉकडाउन; प्रतिबंध लागू अब जारी…पिछले 24 घंटे में आए 66,159 नए केस, 771 की मौत!

मुंबई: महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते प्रसार को रोकने के लिए राज्य में लगाए गए लॉकडाउन को 15 मई तक बढ़ाने की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। उसके संबंध में आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। घोषणा की गई है कि प्रदेश में मौजूदा प्रतिबंध 15 मई तक जारी रहेंगे।
बता दें कि प्रदेश में कोरोना के बढ़ते प्रकोप के चलते प्रदेश में 1 मई तक सख्त प्रतिबंध लगाए गए हैं। पिछले 15 दिनों से लगाए गए लॉकडाउन से प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या कम होने की संभावना थी। हालांकि, प्रदेश के कुछ शहरों को छोड़कर आखिरकार प्रदेश में 15 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है क्योंकि यहां कोरोना का कहर लगातार जारी है। राज्य में लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला कल कैबिनेट बैठक में लिया गया था। जिसे सभी मंत्रियों ने मंजूरी दे दी। आज 15 मई तक के लिए लॉकडाउन पर मुहर लग गई है और इसके संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। प्रदेश में वर्तमान प्रतिबंध 15 मई सुबह 7 बजे तक लागू रहेंगे।

पिछले 24 घंटे में आए 66,159 नए केस, 771 की मौत!
देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने कोहराम मचा रखा है। वहीं महाराष्ट्र में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां पिछले 24 घंटे में कोरोना के 66159 नए मामले सामने आए और 771 मौतें हुईं हैं। राज्य में सक्रिय मामले 6,70,301 हैं। प्रदेश के कई जिलों में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। इस बीच, मुंबई में गुरूवार को कोरोना के 4192 नए मामले सामने आए और 82 लोगों की मौत हुई। सक्रिय मामले 64018 हैं।

महाराष्ट्र में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 45,39,553 हो गयी। वहीं मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 67,985 हो गयी। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस दौरान 68,537 मरीजों को स्वस्थ होने पर अस्पतालों से छुट्टी दे दी गयी।

6 लाख से ज्यादा लोगों का चल रहा है इलाज
महाराष्ट्र में अभी 6,70,301 मरीजों का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र में कोविड मरीजों के स्वस्थ होने की दर 83.69 प्रतिशत है जबकि मृत्यु दर 1.5 प्रतिशत है।

बीड में वैक्सीनेशन करवाने आये लोगों पर पुलिस ने भांजी लाठियां
कोरोना से बचने के लिए लोग अब वैक्सीन लगवाने के लिए बड़े पैमाने पर आ रहे हैं। हालांकि, राज्य में वैक्सीन की किल्लत के चलते लोगों की भीड़ खुले हुए केंद्रों पर बढ़ रही है। ऐसे में पुलिस को नियम का पालन करवाने के लिए बंदोबस्त पर लगाया गया है।
ताजा मामला महाराष्ट्र के बीड जिले का है जहां बुधवार को टीकाकरण के लिए आए हुए लोगों पर पुलिस लाठिया भांजती हुई नजर आई। आपको बता दें कि वैक्सीन नहीं होने के कारण कई टीकाकरण केंद्र बंद कर दिए गए हैं। इसलिए सिर्फ 3 टीकाकरण केंद्र ही शुरू हैं। इसलिए केंद्रों पर लोगों की भीड़ भी भारी तादाद में दिखाई पड़ रही है।
यह घटना बीड के येलमघाट की है जहां टीकाकरण करने आए हुए लोगों की भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को हलका लाठीचार्ज करना पड़ा है।

महापौर बोलीं- शुक्रवार से बिना रजिस्ट्रेशन के नहीं मिलेगा टीका
मुंबई में कोरोना वैक्सीनेशन सेंटर्स पर भीड़ बढ़ती हुई नजर आ रही है। लोग जल्द से जल्द कोरोना की वैक्सीन लगवाने के लिए टीकाकरण केंद्र पर इकट्ठा होने लगे हैं। मुंबई के हर टीकाकरण केंद्र पर लगभग हजारों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो रही है। ऐसे में प्रशासन की लापरवाही और ढुलमुल रवैया देखकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
महापौर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि अब सिर्फ उन्हीं नागरिकों का टीकाकरण किया जाएगा जिनका रेजिस्ट्रेशन हुआ है। बिना रेजिस्ट्रेशन वाले नागरिकों को वैक्सीन नहीं मिलेगी। लिहाजा पहले सभी अपना रजिस्ट्रेशन करवाएं। मेयर ने मौके पर आकर निरीक्षण के दौरान बताया कि मुंबई के सभी वैक्सीन सेंटरों पर लगातार भीड़ को नियंत्रण करना एक चुनौती है।
ऐसे में मुंबई की महापौर किशोरी पेडनेकर ने गोरेगांव पूर्व में मौजूद नेस्को टीकाकरण केंद्र का दौरा किया। उन्होंने बताया कि टीकाकरण केंद्र पर नागरिकों के लिए हर सुविधा का इंतजाम किया गया है। लोगों के लिए चाय,पानी, बिस्कुट और न्यूज़ पेपर के अलावा वेटिंग रूम का भी बंदोबस्त किया गया है।

देश में एक दिन में रिकॉर्ड 3,79,257 मामले दर्ज, 3,645 लोगों की मौत!
देश में बृहस्पतिवार को एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के रिकॉर्ड 3,79,257 मामले दर्ज किए गए जिसके बाद संक्रमण के कुल मामले 1,83,76,524 हो गए है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक उपचाराधीन मरीजों की संख्या 30 लाख के पार पहुंच गई है।
सुबह आठ बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक एक दिन में 3,645 लोगों की मौत होने के बाद इस घातक बीमारी के मृतकों की संख्या 2,04,832 हो गई है।
लगातार मामले बढ़ने के बीच, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 30,84,814 हो गई है जो संक्रमण के कुल मामलों का 16.79 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर घटकर 82.10 प्रतिशत हो गई है।
आंकड़ों के मुताबिक, बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 1,50,86,878 हो गई है। संक्रमण से मौत होने की दर घटकर 1.11 प्रतिशत हो गई है।