चुनावी हलचलब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रशहर और राज्य

महाराष्‍ट्र में संपन्न हुआ दूसरे चरण का मतदान

शाम 5 बजे तक 57.2 प्रतिशत वोट पड़े…

मुंबई, दूसरे चरण में राज्य की 10 लोकसभा सीटों के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। शाम 5 बजे तक 57.2 प्रतिशत वोट पड़े। परभणी के मानवत तालुका में वोटिंग के दौरान स्थानीय लोगों को पुलिस से झड़प हो गई। नाराज लोगों ने पुलिस की गाड़ियों पर पथराव किया। इस चरण में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण, पूर्व गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे और बीड से प्रीतम मुंडे जैसे दिग्गज उम्मीदवारों के भाग्य ईवीएम में कैद होंगे।

उस्मानाबाद में फेसबुक लाइव के आरोप में चार के खिलाफ केस दर्ज :

उस्मानाबाद में मतदान के दौरान वोटिंग प्रक्रिया को फेसबुक पर लाइव करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें से एक एनसीपी छात्र संगठन के पदाधिकारी प्रणव पाटिल हैं और उनके मतदान की प्रक्रिया को लाइव दिखाने के आरोप में तीन अन्य के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। यह केस जिलाधिकारी के आदेश के बाद दर्ज हुआ है।

नांदेड़ में बंद रहा एक घंटे मतदान :

महाराष्‍ट्र के नांदेड़ में सु‍बह 7 बजे से चल रहे मतदान के दौरान 78 ईवीएम मशीनें खराब हो गईं। जिसके चलते करीब एक घंटे तक मतदान ठप हो गया। हालांकि, बूथ पर मौजूद मतदान अधिकारियों ने तत्‍काल मशीनों को ठीक करने की व्‍यवस्‍था की। इसके बाद भोकर, नायगांव, मुखेड़, नांदेड़ उत्तर आणि दक्षिण, देगलूर में मशीने बदलने का काम शुरू किया गया।

बहुजन विकास अघाड़ी के नेता प्रकाश अंबेडकर के बेटे सुजाश अंबेडकर ने आरोप लगाया है कि सोलापुर में ईवीएम में बहुजन अघाड़ी का बटन दबाने पर भाजपा को वोट पड़ रहा है।
बहुजन विकास अघाड़ी के नेता प्रकाश अंबेडकर ने वोट डालने से पहले इलाके की एक दुर्गा मंदिर और दरगाह पर जा कर माथा टेका।

लातूर में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री, विलासराव देशमुख के परिवार के सदस्यों ने मतदान किया।
हिंगोली सांसद राजीव सातव ने कलमुंरी तालुका के मतदान केंद्र में मतदान किया। इस दौरान उनकी पत्नी भी साथ थी।
लातूर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शिवराज पाटिल ने वोट डाला।
अकोला के गुढी में वीवीपीएटी मशीन आधे घंटे तक खराब रही, खामी को दूर करने के बाद मतदान जारी।
लातूर के कांग्रेस उम्मीदवार मचिन्द्र कामंत ने परिवार के साथ किसरल गांव में मतदान किया।
सोलापुर में सहकारिता मंत्री सुभाष देशमुख ने पूरे परिवार संग डाला वोट।
उस्मानाबाद लोकसभा क्षेत्र से शिवसेना के उम्मीदवार ओम राजे निम्बालकर ने वोट डाला।
सोलापुर में पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने अपनी पत्नी और बेटी के साथ अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
दूसरे चरण में 1.85 करोड़ मतदाता :

दूसरे चरण में 1 करोड़ 85 लाख 46 हजार मतदाता मतदान के अपने अधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चरण में 179 उम्मीदवार और 20 हजार 716 मतदान केंद्र हैं। उनमें से लगभग 2100 मतदान केंद्रों की लाइव वेबकास्ट होगी।

सोलापुर, नांदेड़ और बीड सीट पर सबकी नजर :

सोलापुर से महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे चुनाव लड़ रहे हैं। वे तीन बार यहां से सांसद हैं। 2014 में मोदी लहर के चलते हार गए थे। इस बार इस सीट से भाजपा ने धार्मिक गुरु जय सिद्धेश्वर शिवाचार्य को मैदान में उतारा।

सिखों के पवित्र स्थल नांदेड़ से अपनी विरासत को बचाने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण मैदान में उतरे हैं। यहां से सात बार चह्वाण परिवार का ही कोई न कोई सदस्य चुनकर संसद में पहुंचता रहा है। उनके पिता शंकरराव चह्वाण केंद्र में गृहमंत्री से लेकर राज्य के मुख्यमंत्री तक का दायित्व संभाल चुके हैं।

वहीं, बीड सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय गोपीनाथ मुंडे की बेटी प्रीतम मुंडे चुनाव मैदान में हैं। मुंडे के निधन के बाद हुए उपचुनावों में प्रीतम को रिकॉर्ड 6 लाख वोटों से जीत मिली थी। इस बार उनके विरोध में उनके चचरे भाई धनंजय मुंडे एनसीपी के उम्मीदवार बजरंग सोनावने के लिए प्रचार कर रहे हैं। धनंजय महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता हैं।

बीड में सबसे अधिक 36 उम्मीदवार :

इन 10 सीटों में सबसे अधिक 36 उम्मीदवार बीड निर्वाचन क्षेत्र से हैं और सबसे कम 10 उम्मीदवार लातूर निर्वाचन क्षेत्र में हैं। इसके अलावा, बुलढाणा 12, अकोला 11, अमरावती 24, हिंगोली 28, नांदेड़ 14, परभणी 17, उस्मानाबाद 14 और सोलापुर निर्वाचन क्षेत्र में 13 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इन 10 सीटों पर पांच वर्तमान सांसद भी चुनाव लड़ रहे हैं।