दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई: एंटीलिया और मनसुख हत्या मामले में गिरफ्तार सुनील माने को मुंबई पुलिस ने किया निलंबित

मुंबई: मुकेश अम्बानी के निवास एंटीलिया और व्यवसायी मनसुख हिरेन की हत्या के मामलों में मुंबई पुलिस ने शनिवार को इंस्पेक्टर सुनील माने को निलंबित कर दिया है। मुकेश अंबानी के घर के समीप विस्फोटक लदी स्कार्पियो खड़ी करने व इस स्कार्पियो के कथित मालिक मनसुख हिरेन की हत्या के मामलों में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शुक्रवार को सुनील माने को गिरफ्तार किया था। विशेष एनआईए कोर्ट ने माने को 28 अप्रैल तक एनआईए की हिरासत में भेज दिया था। एनआईए का कोर्ट में कहना था कि मुंबई पुलिस में इंस्पेक्टर सुनील माने मुकेश अंबानी की इमारत एंटीलिया के बाहर स्कार्पियो खड़ी किए जाने व मनसुख हिरेन की हत्या की साजिश में शामिल था। एनआईए को उसके इलेक्ट्रानिक गैजेट्स व काल रिकार्ड की जांच करनी है। इसलिए उसे हिरासत में रखने की जरूरत है।
विशेष अदालत ने एनआईए के तर्क से सहमत होते हुए माने को उसकी हिरासत में भेज दिया। सुनील माने भी मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच से संबंधित है। उक्त दोनों मामलों में गिरफ्तार होनेवाला वह तीसरा सेवारत पुलिस अधिकारी है। इससे पहले इस मामले के मुख्य आरोपित सचिन वाझे व उसके साथी रियाजुद्दीन काजी को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन तीनों के अलावा इस मामले में विनायक शिंदे व बुकी नरेश गोर को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। विनायक शिंदे भी मुंबई पुलिस की सेवा में रहा है। उसे 2006 के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है। आरोप है कि एंटीलिया मामले में एनआईए के शक के दायरे में आने के बाद सचिन वाझे ने अपना मोबाइल फोन सुनील माने को दे दिया था। उसके बाद सुनील माने ने यह फोन किसी और पुलिस इंस्पेक्टर को देकर उसके काल रिकार्ड डिलीट करवा दिए थे। इससे इन दोनों मामलों के कई महत्वपूर्ण सुबूत नष्ट हो गए। सुनील माने से इसी संबंध में पूछताछ की जानी है।
बता दें कि 25 फरवरी को उद्योगपति मुकेश अंबानी की इमारत एंटीलिया के पास जिलेटिन की 20 छड़ें रखी संदिग्ध स्कार्पियो खड़ी पाई गई थी। करीब एक सप्ताह बाद ही इस स्कार्पियो के कथित मालिक मनसुख हिरेन की हत्या हो गई थी। इन दोनों मामलों में मुंबई पुलिस के API सचिन वाझे को मुख्य आरोपित बनाया गया है। वाझे को निलंबित भी किया जा चुका है। शुक्रवार को ही NIA कोर्ट ने वाझे व काजी की न्यायिक हिरासत पांच मई तक बढ़ा दी। इन दोनों को रायगढ़ की तलोजा जेल में रखा गया है।