उत्तर प्रदेशदिल्लीनागपुरमहाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई में चंपत राय बोले- मकर संक्रांति से शुरू होगा श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के लिए धन संग्रह

मुंबई: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र न्यास के महासचिव व विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष चंपत राय ने कहा कि अयोध्या का प्रस्तावित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर जनता के आर्थिक सहयोग से निर्मित होगा और इसके लिए निधि संकलन का कार्य मकर संक्रांति से शुरू किया जाएगा। राय शनिवार को मुंबई में पत्रकारों से बात कर रहे थे। चंपत राय के अनुसार, सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद मार्च में ही ट्रस्ट का बैंक खाता खुलवा लिया गया था। इस खाते में पहले ही लोगों ने सहयोग देना शुरू कर दिया है। प्रतिदिन 1000 से 1200 तक ट्रांजैक्शन हो रहे हैं। देश के आम लोगों से भी धन संग्रह के लिए कूपन बनाए जा रहे हैं, ताकि सभी लोग श्रीरामजन्मभूमि मंदिर के निर्माण में अपना योगदान कर सकें।
राय के अनुसार, जन्मभूमि को प्राप्त करने के लिए लाखों भक्तों ने कष्ट सहे हैं। उसी प्रकार मंदिर भी करोड़ों लोगों के स्वैच्छिक सहयोग से बनना चाहिए। इसके लिए मकर संक्रांति से शुरू होने वाले वृहद अभियान में लाखों कार्यकर्ता गांवों व मुहल्लों में जाएंगे और समाज स्वेच्छा से कुछ न कुछ सहयोग अवश्य करेगा। भगवान के कार्य में धन बाधा नहीं हो सकता। राय के अनुसार, धन संग्रह का कार्य मकर संक्रांति से शुरू होकर माघ पूर्णिमा तक पूरा कर लिया जाएगा। इस दौरान घर-घर भगवान के मंदिर का चित्र भी पहुंचेगा।

विहिप नेता ने आगे कहा कि भारत वर्ष की वर्तमान पीढ़ी को इस मंदिर के इतिहास की सच्चाइयों से अवगत कराने की योजना भी बनाई गई है। योजना इस प्रकार बनाई गई है कि देश की कम से कम आधी आबादी को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की ऐतिहासिक सच्चाई से अवगत कराया जाय। चंपत राय ने यह भी खुलासा किया कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के कर्णधार विहिप नेता अशोक सिंहल ने अपने जीवनकाल में मुंबई आकर लार्सन टुब्रो के अधिकारियों से बात की थी। अब लार्सन टुब्रो ही मंदिर का निर्माण कर रही है, जबकि निर्माता कंपनी को सलाह देने का काम टाटा कंसल्टेंट इंजीनियर्स कर रही है।