दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई: शिवसेना सांसद संजय राउत के बयान से महाराष्ट्र के डॉक्टरों में नाराजगी

मुंबई: शिवसेना सांसद संजय राउत इस समय तरह-तरह के बयानों को लेकर चर्चा में हैं। उनके एक बयान से नाराज डॉक्टरों के संगठन ‘मार्ड’ ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर पूछा है कि क्या वह भी मानते हैं कि डॉक्टरों को कोई ज्ञान नहीं है? डॉक्टरों ने राउत से बिना शर्त माफी की मांग भी रखी है। अपने बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहने वाले संजय राउत ने एक दिन पहले कहा था कि कंपाउंडर्स को डॉक्टरों से ज्यादा ज्ञान होता है। इसलिए मैं हमेशा डॉक्टर्स के बजाय कंपाउंडर्स से दवा लेना पसंद करता हूं। राउत ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) पर भी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि लोग डब्ल्यूएचओ पर भरोसा नहीं करते। क्योंकि कोरोना उसके कारण ही फैल रहा है। संजय राउत का यह बयान डॉक्टरों को रास नहीं आ रहा है।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की महाराष्ट्र शाखा व ‘महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजीडेंट्स डॉक्टर्स’ (मार्ड) ने उनके बयान की कड़ी निंदा की है। आईएमए के महासचिव डॉ. अविनाश भोंडवे ने एक बयान जारी कर कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान पूरे महाराष्ट्र में तीन लाख से ज्यादा डॉक्टर रोगियों की सेवा में लगे हैं। 50 से अधिक डॉक्टर अपनी जान तक गंवा चुके हैं। ऐसे में एक सांसद, वरिष्ठ पत्रकार व जनप्रतिनिधि का डॉक्टरों के बारे में ऐसा अपमानजनक बयान सोच से परे है। आईएमए ने राउत के इस बयान की शिकायत महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, स्वास्थ्यमंत्री के साथ-साथ उपराष्ट्रपति से भी की है, जोकि राज्यसभा के अध्यक्ष होते हैं।