उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

यूपी में ठंड से बढ़ीं मुश्किलें, शीतलहरी की वजह से मौत का सिलसिला जारी…

ठण्ड के कारण पूरे दिन अलाव से चिपके रहे लोग

भदोही: यूपी की मशहूर कालीन नगरी में ठंड का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को ठंड से दो लोगों की मौत हो जाने की खबर है। इसके साथ ही इस सीजन में ठंड लगने से मौत का आंकड़ा चार पर पहुंच गया। अभोली और गोपीगंज क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव के दो बुजुर्गों की मौत हो गई। उधर कक्षा एक से आठवीं तक के सभी विद्यालयों को भी शीतलहरी की वजह से शनिवार को बंद रखने का निर्देश जारी कर दिया गया। अब विद्यालय सोमवार को खुलेंगे।
ठंड अब जानलेवा साबित होती जा रही है। शुक्रवार को अभोली निवासी सुबराती (60) शौच करने के लिए गए थे। इसी दौरान उन्हें ठंड लग गई। लौटे तो घर वालों से ठंड लगने की शिकायत की। पेट और सीने में दर्द होने के बाद घर वाले उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसी तरह जगन्नाथपुर गांव निवासी शिवनाथ तिवारी (78) की ठंड लगने से मौत हो गई। घर वालों ने डेरवां घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
डीघ ब्लॉक के गोधना गांव निवासी रामलाल सरोज (68) की ठंड लगने से मौत हो गई। परिवार वालों ने बताया कि शुक्रवार की रात में शौच करने गए थे। वहां से लौटने के बाद पेट में दर्द हुआ तो अस्पताल लेकर गए। चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसी तरह अभोली अर्जुनपुर गांव निवासी इंद्रावती देवी (31) पुत्री छोटेलाल बिंद की ठंड लगने से मौत हो गई।
बताया जाता है कि इंद्रावती की पहले से ही तबियत खराब चल रही थी, जिससे वह काफी कमजोर हो गई। तीन दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड से वह शीत की चपेट में आ गई। अस्पताल से उसे दवाएं दी गई लेकिन उसका असर नहीं पड़ा। चकापुर गांव में ठंड लगने से शारदा देवी उर्फ मुन्नी (48) पत्नी अभय चंद्र पांडेय की मौत हो गई। शनिवार की सुबह तबियत खराब हुई तो परिवार वाले अस्पताल लेकर गए। इसी तरह उदयकरनपुर निवासी भोलानाथ तिवारी (60) की ठंड से मौत हो गई।
शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में बादलों की घेरेबंदी के साथ हल्की हवाओं से गलन तेज बनी रही। इससे लोगों की मुश्किलें काफी बढ़ी रहीं। शुक्रवार को सुबह नौ बजे तक कोहरे की चादर तनी रही। इस दौरान लोग दिन में भी वाहनों की हेडलाइट जलाकर चले। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। दिनभर बदली के बाद शाम चार बजे से ही फिर कोहरा गिरने लगा और सात बजे तक कोहरे की चादर घनी हो गई। सर्द हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट रही। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री रहा। इससे ठंड से लोगों की कंपकंपी छूटती रही। बीते दिनों हुई बारिश के बाद ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को दिन भर धूपछांव की स्थिति के बीच कंपकपी का आलम रहा। इससे गरीबों और राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है। सुबह कोहरे से दिन निकल रहा है जो दोपहर तक बना रहता है। इससे लोगों को खासा गलन का अहसास हो रहा है। शाम तक सर्द हवाओं के बीच लोग विभिन्न चौराहों पर लोग अलाव जलाकर बैठे हुए नजर आए। जबकि शहर में लोग शाम को ही घरों मे ही दुबक गए। उधर कोहरे के चलते वाहनों की रफ्तार धीमी बनी रही।
गलन के बीच ज्ञानपुर, भदोही शहर के विवेकानंद चौराहा, रजपूरा, इंदिरा मिल चौराहा, भदोही रेलवे स्टेशन, पकरी तिराहा, अजिमुल्लाह चौराहे पर देर रात तक भीड़-भाड़ के बीच लोग अलाव तापते रहे। महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल के बाहर भी अलाव की व्यवस्था कर लोग ठण्ड से लड़ने की कोशिश करते दिखे।