उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

UP जौनपुर: मुंबई से आए पिता-पुत्री समेत 21 प्रवासी कोरोना पॉजिटिव

मुंबई/जौनपुर: मुंबई से आए 17 लोगों समेत 21 प्रवासियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। शनिवार की शाम आई रिपोर्ट में शामिल 13 मरीजों में कोई लक्षण स्पष्ट नहीं था, मगर उनके सैंपल की जांच पॉजीटिव आई। पीड़ितों में मछलीशहर के चौकी खुर्द निवासी पिता-पुत्री भी हैं। केराकत के कुसरना गांव में तीन मरीज मिले हैं। इसके पहले सुबह भी लेखपाल समेत 15 मरीज मिले थे। जिले में अब कुल केस 283 हो गया है। इसमें 121 स्वस्थ हुए हैं, जबकि तीन की मौत हो चुकी है।
चौकी खुर्द गांव निवासी 40 वर्षीय शख्स एक जून को बेटी (16) के साथ श्रमिक स्पेशल ट्रेन में मुंबई के कांदीवली से आया था। पिता में कोरोना के सर्दी-खांसी के लक्षण होने के कारण दोनों का सैंपल लेकर उन्हें होम क्वारंटीन में भेज दिया गया था। शनिवार को आई रिपोर्ट में दोनों कोरोना से संक्रमित पाए गए। इनके अलावा मड़ियाहूं के फत्तेपुर अजोसी, काजीपुर, सुजानगंज के प्रेम का पुरा, मछलीशहर के डेल्हूपुर, मुंगराबादशाहपुर के सरायरुस्तम, डोभी के सिधौनी कर्रा, केराकत के घुरहूपुर देवकली, सुईथाकला के रामपुर अंगुपुर, बरउत, करंजाकला ब्लाक के जमुनीपुर औराई, जलालपुर के बैरीपुर, बरसठी के दीनापुर, रामनगर के बोधीपुर, महराजगंज के दुगौली नाहरपुर, खुटहन के सौरैया से एक-एक प्रवासी कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं।
केराकत के कुसरना से तीन मरीज मिले हैं। तीनों अलग-अलग तिथियों में मुंबई से आए थे। शहर के मतापुर गंगापट्टी निवासी 24 वर्षीय युवती एक जून को ट्रेन से फरीदाबाद से आई थी। उसमें लक्षण के आधार पर सैंपल जांच को भेजा गया था।

डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पॉजीटिव मिले 21 मरीजों में 17 मुंबई, दो दिल्ली, एक सूरत और एक हरियाणा से आया प्रवासी है। इसमें से 13 में कोई लक्षण नहीं था। नए मरीजों में 15 को होम क्वारंटीन में रखा गया था, जबकि छह शेल्टर क्वारंटीन में रख गए थे। होम क्वारंटीन वाले सभी मरीजों के गांव को कंटेनमेंट एरिया के रुप में चिह्नित कर सैनिटाइजेशन व अन्य कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।

भदोही में मिले दो मरीज
भदोही जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना के दो नए मरीज मिले थे। ज्ञानपुर ब्लॉक के वेदपुर और डीघ ब्लॉक के रामकिशुनपुर बसहीं गांव निवासी दो लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दोनों मुंबई से लौटे थे। सीएमओ ने इसकी पुष्टि की। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 45 हो गई। इनमें तीन की मौत हो चुकी है, जबकि सात स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीज 35 हैं।
डीघ क्षेत्र के रामकिशुनपुर बसहीं गांव निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति मुंबई में बिजली वायरिंग का काम करता था। 29 मई को वह गांव आया था। लखनऊ तक ट्रेन से सफर करने के बाद गोपीगंज तक बस से यात्रा की थी। उसी दिन उसका स्वैब जांच के लिए भेजा गया था। बृहस्पतिवार को दोपहर में रिपोर्ट आई तो वह पॉजिटिव पाया गया।
ज्ञानपुर ब्लॉक के वेदपुर गांव का 36 वर्षीय युवक 21 मई को मुंबई से लौटा था। कोरोना के लक्षण दिखने के बाद 29 मई को उसका स्वैब जांच के लिए भेजा गया था। दोनों को होम क्वारंटीन किया गया था। अब दोनों मरीजों को मंडलीय चिकित्सालय मिर्जापुर भेज दिया गया है।
सीएमओ डॉ लक्ष्मी सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों लोग मुंबई से आए हैं। 29 मई को उनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। गुरुवार को दोपहर में रिपोर्ट आई तो दोनों पॉजिटिव पाए गए। जांच के बाद दोनों को होम क्वारंटीन किया गया था। सीएमओ डा. लक्ष्मी सिंह के मुताबिक दोनों गांवों में स्वास्थ्य टीम भेज दी गई है।