ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: मशहूर होटल ताज में पंहुचा कोरोना, होटल के 6 कर्मचारियों में संक्रमण की पुष्टि

मुंबई: कोरोना संक्रमण से देश में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने स्पष्ट संदेश दिए हैं कि लॉकडाउन पार्ट-2 अब और ज्यादा सख्त होगा। संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए राज्य को तीन जोन में बांटा गया है। उधर, दक्षिण मुंबई में ताज महल पैलेस होटल के कम से कम छह कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ताज होटल का संचालन करने वाली इंडियन होटल्स कंपनी (आईएचसी) ने कर्मचारियों में संक्रमण की पुष्टि की है। हालांकि, इसमें संख्या के बारे में स्पष्ट नहीं किया गया है। दरअसल, होटल में शहर में कोरोना संक्रमण के खिलाफ मैदान में डटे स्वास्थ्यकर्मियों और चिकित्सकों को अपने होटल में रखा हुआ है। इसके बाद उसने अपने करीब 500 कर्मचारियों की जांच कराई थी। इसमें से शनिवार को 6 में संक्रमण की बात सामने आई है।
बॉम्बे हॉस्पिटल में कंसल्टिंग फिजिशियन डॉ. गौतम भंसाली ने कहा, ताज होटल के छह कर्मियों का बॉम्बे हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। वे कोविड-19 से संक्रमित पाए गए थे। उनकी हालत स्थिर है और उनमें सुधार हो रहा है।

महाराष्ट्र को तीन जोन में विभाजित किया गया
संक्रमण से निपटने के लिए राज्य सरकार ने 15 से ज्यादा मरीजों वाले जिलों को रेड जोन में रखा है। इससे कम वालों को ऑरेंज जोन और जहां एक भी मरीज नहीं है उसे ग्रीन जोन में रखा गया है। माना जा रहा है कि इसी के आधार पर अगले लॉकडाउन का एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा।

रेड जोन: मुंबई, ठाणे, पालघर, पुणे, नागपुर, रायगढ़, सांगली और औरंगाबाद।

ऑरेंज जोन: रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सातारा, कोल्हापुर, नाशिक, अहमदनगर, जलगांव, उस्मानाबाद, बीड, जालना, हिंगोली, लातूर, अमरावती, अकोला, यवतमाल, बुलढाणा, वाशिम और गोंदिया।

ग्रीन जोन: धुले, नंदुरबार, सोलापुर, परभणी, नांदेड़, वर्धा, चंद्रपुर, भंडारा और गढ़चिरौली शामिल हैं।

मुंबई के धारावी में रविवार को 15 नए केस सामने आए हैं। इसी के साथ यहां कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 43 हो गई है। अब तक यहां संक्रमण से चार लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसमें दो तबलीगी जमात से जुड़े हुए थे। शनिवार से यहां घर-घर स्क्रीनिंग की जा रही है। पूरे इलाके की ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
मुंबई के दादर में दो नए मरीज मिले हैं। यहां कुल संक्रमितों की संख्या 13 पहुंच गई है। इसके आलवा नासिक से सटे मालेगांव में पांच नए मरीज मिले हैं , इसके साथ यहां कुल मरीजों की संख्या 16 हो गई है।
राज्य सरकार के मुताबिक, मुंबई में 3 फरवरी से लोगों की जांच शुरू की गई। 10 अप्रैल तक यहां 19 हजार 541 लोगों की जांच हो चुकी थी। मुंबई में प्रति 10 लाख पर 1499 लोगों की अब तक जांच हुई है। यह औसत देश में सर्वाधिक है। देश सबसे पहला कोरोना मरीज केरल में मिला था, वहां अब तक 13 हजार लोगों की जांच हुई है। यहां प्रति 10 लाख में जांच का औसत 398 है। यह राज्य जांच के मामले में देश में दूसरे नंबर पर है। इसके बाद दिल्ली का नंबर आता है।